1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में ट्रांसफार्मर से टकराई कार, 3 दोस्तों की जिंदा जलकर मौत, 3 घायल

यूपी में ट्रांसफार्मर से टकराई कार, 3 दोस्तों की जिंदा जलकर मौत, 3 घायल

सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार वर्ना कार सड़क से उतरकर ट्रांसफार्मर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बिजली के तार टूटकर कार पर गिर गए और कुछ ही पलों में वाहन आग की चपेट में आ गया। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य झुलस गए...

By Harsh 
Updated Date

लखीमपुर खीरी : बीती देर रात एक तेज रफ्तार वर्ना कार सड़क से उतरकर ट्रांसफार्मर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बिजली के तार टूटकर कार पर गिर गए और कुछ ही पलों में वाहन आग की चपेट में आ गया। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य झुलस गए। घटना ओयल कस्बे में पुलिस चौकी के पास करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि छह दोस्त कार से सीतापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पार करते हुए सड़क से नीचे खेत की तरफ चला गया और वहां रखे ट्रांसफार्मर से टकरा गया।

पढ़ें :- आगरा हादसा: तेज रफ्तार कार खेत में पलटी, 20 वर्षीय युवती की मौत, दो घायल

टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों को जोरदार आवाज सुनाई दी। बिजली के तार कार पर गिरने के बाद चिंगारी निकली और आग भड़क उठी। अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

शीशे तोड़कर निकाले गए फंसे लोग

सूचना मिलने के बाद ओयल चौकी पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद कार के शीशे और गेट तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे के समय कार का बड़ा हिस्सा जल चुका था। घायलों को पुलिसकर्मियों ने निजी वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आयुष कुमार (21), आकाश वर्मा (19) और शिवा सिंह (16) को मृत घोषित कर दिया। तीनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं।

तीनों घायल लखनऊ रेफर

पढ़ें :- क्या लखीमपुर सदर की कुर्मी दबदबे वाली पारिवारिक सीट पर, सपा कर पाएगी वापसी?

घटना में पीयूष सिंह, अमन वर्मा और उत्कर्ष झुलस गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों को लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक घायलों से मिली शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि सीतापुर जाते समय कार अचानक नियंत्रण से बाहर हुई थी। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि चालक को झपकी आने के कारण हादसा हो सकता है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। मृतकों की पहचान शिव कॉलोनी निवासी आयुष कुमार, राजापुर निवासी शिवा सिंह और पिपरिया बाईपास निवासी आकाश वर्मा के रूप में हुई है। वहीं घायल पीयूष सिंह और अमन वर्मा शिव कॉलोनी के रहने वाले हैं, जबकि उत्कर्ष की पहचान की जा रही है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...