गुजरात के आणंद जिले में बीते रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। आणंद-बोरसद मार्ग पर निजानंद रिसॉर्ट के पास दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। साथ ही उन पर सवार युवक सड़क पर जा गिरे।
आणंद। गुजरात के आणंद जिले में बीते रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। आणंद-बोरसद मार्ग पर निजानंद रिसॉर्ट के पास दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। साथ ही उन पर सवार युवक सड़क पर जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान नापा वांटा गांव के 19 वर्षीय अरमान रफीक राणा, समीर राजेश राणा और बोरसद के अंसार जुबेर बेलीम के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों को गंभीर चोटें आई थीं और उनकी मौत हो गई।
तीन युवक गंभीर रूप से घायल
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में तनवीर राणा, असलम खान और जुबेर काजी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को तत्काल इलाज के लिए करमसद मेडिकल कॉलेज और आणंद जनरल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका ईलाज चल रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। उसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। इसके अलावा पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों बाइकों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
इलाके में पसरा मातम
बता दें कि एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत और तीन के गंभीर रूप से घायल होने की खबर के बाद नापा वांटा और बोरसद इलाके में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से माहौल बहुत ही दुखद हो गया।