आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह (MP Sanjay Singh) के कड़े तेवर और आंदोलन की चेतावनी के बाद अयोध्या प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में विकास के नाम पर हज़ारों करोड़ रुपये खर्च करने के दावों के बीच श्मशान घाट की बदहाली का मुद्दा उठाने के मात्र चार दिनों के भीतर ही वहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
लखनऊ। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह (MP Sanjay Singh) के कड़े तेवर और आंदोलन की चेतावनी के बाद अयोध्या प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में विकास के नाम पर हज़ारों करोड़ रुपये खर्च करने के दावों के बीच श्मशान घाट की बदहाली का मुद्दा उठाने के मात्र चार दिनों के भीतर ही वहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। संजय सिंह ने इसे जनता की जीत बताते हुए उम्मीद जताई कि अब अंतिम संस्कार के लिए जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
विकास के नाम पर हज़ारों करोड़ का खर्च, फिर भी श्मशान की हालत बदहाल
सांसद संजय सिंह (MP Sanjay Singh) ने कहा कि चार दिन पहले उन्होंने अयोध्या के एक बदहाल श्मशान घाट की तस्वीरें साझा कर सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि जिस अयोध्या में विकास के नाम पर हज़ारों करोड़ रुपये खर्च किए गए, वहां बेईमानों ने श्मशान घाट तक को नहीं बख्शा। अंतिम संस्कार के लिए जाने वाले परिजनों को घाट तक पहुंचने में भारी तकलीफ उठानी पड़ रही थी, जो कि आस्था और मानवता दोनों के साथ खिलवाड़ था।
15 दिन के धरने की दी थी चेतावनी, 4 दिन में झुका प्रशासन
संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि 15 दिनों के भीतर श्मशान घाट का काम शुरू नहीं हुआ, तो वह स्वयं उसी श्मशान घाट पर धरने पर बैठेंगे। उन्होंने कहा, कि हमारी 15 दिन बाद धरने की पूरी तैयारी थी, लेकिन खुशी की बात है कि प्रशासन ने जनहित की इस मांग को गंभीरता से लिया और आज से ही वहां काम शुरू कर दिया गया है।
अंतिम संस्कार के लिए शीघ्र बनेगा सुगम रास्ता
सांसद संजय सिंह ने कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा जनता की मूलभूत सुविधाओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाएगा, ताकि प्रभु श्री राम की नगरी में अंतिम यात्रा पर जाने वाले लोगों और उनके परिजनों के लिए शीघ्र ही एक सुगम रास्ता तैयार हो सके।