1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Nautanwa:गैस सिलेंडर और खाद की कालाबाजारी के खिलाफ नागेंद्र शुक्ला का क्रमिक अनशन शुरू

Nautanwa:गैस सिलेंडर और खाद की कालाबाजारी के खिलाफ नागेंद्र शुक्ला का क्रमिक अनशन शुरू

गैस सिलेंडर और खाद की कालाबाजारी के खिलाफ नागेंद्र शुक्ला का क्रमिक अनशन शुरू

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा तहसील क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर और कृषि उर्वरकों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ किसान नेता एवं अधिवक्ता नागेंद्र शुक्ला ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को उन्होंने नौतनवा तहसील परिसर में क्रमिक अनशन और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जा रहे हैं, वहीं डीएपी, एनपीके, पोटाश और सल्फर जैसे उर्वरकों की बिक्री में भी मनमानी की जा रही है।

पढ़ें :- Wedding Season Business : कल से बजेगी शहनाई, इस सीजन में 6 लाख करोड़ के कारोबार का अनुमान

अनशन पर बैठे नागेंद्र शुक्ला ने कहा कि नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के समरधीरा, अड्डा बाजार, एकसड़वा, मोगलहा, महादेव बसडीला, खोरिया, रतनपुर, नौतनवा, सोनौली, राजाबारी, परसा मलिक, तुलसीपुर, रुद्रपुर, शिवनाथ और भागीरथपुर सहित कई गांवों एवं चौराहों पर अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की बिक्री और निर्धारित दर से अधिक वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आपूर्ति विभाग की कथित लापरवाही के चलते आम उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने खाद की किल्लत और कालाबाजारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि निजी खाद दुकानों के साथ-साथ साधन सहकारी समितियों पर भी डीएपी, एनपीके, पोटाश और सल्फर की बिक्री में मनमानी की जा रही है। किसानों के हिस्से की खाद कथित तौर पर बिचौलियों को अधिक कीमत के लालच में बेची जा रही है। नतीजतन किसान सुबह से शाम तक समितियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। पर्याप्त खाद नहीं मिलने पर उन्हें निजी दुकानों से अधिक कीमत चुकाकर उर्वरक खरीदना पड़ रहा है।

किसान नेता ने प्रशासन से गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने, संबंधित दुकानों एवं समितियों की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों और आम उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिलती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरान अयोध्या प्रसाद विश्वकर्मा, स्माइल, आबिद अली, इंद्रजीत गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।

पढ़ें :- सीएम योगी मां के निधन के बाद रद्द किए सभी कार्यक्रम, पैतृक गांव के लिए हुए रवाना

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...