1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पीएम मोदी ने देशवासियों से की अपील, कहा-22 जनवरी को अपने घरों में श्रीराम ज्योति जलाएं, दीपावली मनाएं

पीएम मोदी ने देशवासियों से की अपील, कहा-22 जनवरी को अपने घरों में श्रीराम ज्योति जलाएं, दीपावली मनाएं

पीएम ने कहा, एक समय था, जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं बल्कि पक्का घर देश के 4 करोड़ गरीबों को भी मिला है। आज का भारत अपने तीर्थों को भी संवार रहा है, वहीं डिजिटल टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी छाया हुआ है। आज देश में सिर्फ केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ है, बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं।

By शिव मौर्या 
Updated Date

अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार अयोध्या को कई बड़ी सौगात दी। अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे, के साथ पीएम मोदी ने 15,700 करोड़ की 46 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। साथ ही अमृत भारत और वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी ने कहा कि, आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। ऐसे में अयोध्यावासियों में ये उत्साह और उमंग स्वाभाविक है। भारत की मिट्टी के कण-कण और भारत के जन-जन का मैं पुजारी हूं और मैं भी आपकी तरह उतना ही उत्सुक हूं। देश के इतिहास में 30 दिसंबर की तारीख बहुत ऐतिहासिक रही है। 1943 में आज के ही दिन नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने अंडमान में झंडा फहरा कर भारत की आजादी का जयघोष किया था।

पढ़ें :- हम आवाज उठाते रहते हैं, हम डरने वाले नहीं हैं...प्रियंका गांधी का पीएम मोदी पर निशाना

उन्होंने कहा, आजदी के आंदोलन से जुड़े ऐसे पावन दिवस पर आज हम आजादी के अमृतकाल के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। आज विकसित भारत के निर्माण को गति देने के अभियान को अयोध्या नगरी से नई ऊर्जा मिल रही है। आज यहां 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े ये काम आधुनिक अयोध्या को देश के नक्शे पर फिर से गौरव के साथ स्थापित करेंगे। दुनिया में कोई भी देश हो, अगर उसे विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचना है, तो उसे अपनी विरासत को संभालना ही होगा। हमारी विरासत हमें प्रेरणा देती है, हमें सही मार्ग दिखाती है। इसलिए आज का भारत, पुरातन और नूतन दोनों को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ रहा है।

पीएम ने कहा, एक समय था, जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं बल्कि पक्का घर देश के 4 करोड़ गरीबों को भी मिला है। आज का भारत अपने तीर्थों को भी संवार रहा है, वहीं डिजिटल टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी छाया हुआ है। आज देश में सिर्फ केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ है, बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। आज देश में महाकाल महालोक का निर्माण ही नहीं हुआ है, बल्कि हर घर जल पहुंचाने के लिए पानी की 2 लाख से ज्यादा टंकियां भी बनवाई गई हैं। आने वाले समय में अवध क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के विकास को हमारी अयोध्या दिशा देने वाली है।

उन्होंने कहा, आज मुझे अयोध्या धाम एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करने का सौभाग्य मिला है। मुझे खुशी है कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। महर्षि वाल्मीकि ने हमें रामायण के माध्यम से प्रभु श्रीराम के कृतित्व से परिचित करवाया। त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर अयोध्या धाम एयरपोर्ट का नाम, इस एयरपोर्ट में आने वाले हर यात्री को धन्य करेगा। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण वो ज्ञान मार्ग है, जो हमें प्रभु श्रीराम से जोड़ती है। आधुनिक भारत में महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अयोध्या धाम, हमें दिव्य-भव्य-नव्य राम मंदिर से जोड़ेगा।

22 जनवरी को मनाए दिवाली
इस मौके पर पीएम मोदी ने देशवासियों से एक बड़ी अपील की। उन्होंने कहा, ये ऐतिहासिक क्षण बहुत भाग्य से हम सभी के जीवन में आया है। हमें देश के लिए नव संकल्प लेना है, खुद को नई ऊर्जा से भरना है। इसके लिए आप सभी 140 करोड़ देशवासी 22 जनवरी को अपने घरों में श्रीराम ज्योति जलाएं, दीपावली मनाएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, मेरे सभी देशवासियों से मेरी एक करबद्ध प्रार्थना है-हर किसी की इच्छा है कि 22 जनवरी के आयोजन का हिस्सा बनने के लिए वो स्वयं अयोध्या आए। लेकिन आप जानते हैं कि हर किसी का आना संभव नहीं है। इसलिए सभी रामभक्तों से मेरा आग्रह है कि 22 जनवरी को एक बार विधिपूर्वक कार्यक्रम हो जाने के बाद, अपनी सुविधा के अनुसार वो अयोध्या आएं, अयोध्या आने का मन 22 जनवरी को न बनाएं।

पढ़ें :- कोविशील्ड बनाने वाली कंपनी ने बीजेपी को 52.50 करोड़ दी रिश्वत , साल 2021 में सामने आए थे वैक्सीन के दुष्प्रभाव : संजय सिंह

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...