अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्त्री कज़गम(TVK ) ने पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने रविवार (23 मार्च) को घोषणा की कि वह सभी 30 निर्वाचन क्षेत्रों में अकेले चुनाव लड़ेगी।
प्रमुख उम्मीदवारों में वी. समीनाथन (लॉस्पेट), केएयू आसन (कराइकल दक्षिण), एल. पेरियासामी (नेट्टापक्कम), जे. प्रकाश कुमार (मुथियालपेट), एन. धनवेलु (बहौर), वीजे चंद्रन (राजभवन), एस. शिवा (उपलम), एस. ससिबालन (ओझुकराई), और एस. कुमारवेलु (एरियनकुप्पम) शामिल हैं।
पिछले चुनावों की बात करें तो 2021 में AINRC सबसे बड़ी पार्टी बनी थी जिसे 10 सीटें मिली थीं, उसके बाद DMK, बीजेपी और कांग्रेस को 6-6 सीटें मिली थीं। उस साल वोटिंग प्रतिशत कुल 84.8% था। वहीं, 2016 में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया था। कांग्रेस को 15 सीटें मिली थीं और AINRC को 8 सीटें मिली थीं। उस साल वोटिंग प्रतिशत 83.6% था।
इस महीने की शुरुआत में, तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK ) के प्रमुख विजय ने कहा कि उनकी पार्टी 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। महाबलीपुरम में एक इफ्तार कार्यक्रम में बोलते हुए, उन्होंने गठबंधन की अटकलों को खारिज कर दिया।
इस बीच, BJP ने 21 मार्च को अपने 9 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, जिनमें ए. नमसिवयम – मन्नादीपेट, ई. थीप्पैन्थन – ओस्सुडु (SC), पीएमएल कल्याणसुंदरम – कलापेट, वीपी रामलिंगम – राज भवन, ए. जॉनकुमार – मुदलियारपेट, एम्बलम आर. सेल्वम – मनावेली, जीएनएस राजशेखरन – तिरुनल्लार, ए. दिनेशन – माहे का नाम शामिल है। वहीं दूसरी तरफ, ओझुकाराई सीट से निर्दलीय विधायक एम. शिवशंकर ने कांग्रेस जॉइन कर ली है। उन्होंने 2021 में इसी सीट से जीत हासिल की थी। यह फैसला 2026 चुनाव से पहले आया है।
केंद्र शासित प्रदेश में 9 अप्रैल को मतदान होगा और वोटों की गिनती 9 मई को होगी।