1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे SSB के DIG, सोनौली बॉर्डर पर ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे SSB के DIG, सोनौली बॉर्डर पर ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे SSB के DIG, सोनौली बॉर्डर पर ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: सशस्त्र सीमा बल (SSB) गोरखपुर के डीआईजी दीपक बर्नवाल ने मंगलवार को भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित सोनौली का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, ऑपरेशनल तैयारियों और सीमा पर निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया।

पढ़ें :- UPPSC APS 2023 : यूपीपीएससी ने अपर निजी सचिव की भर्ती रद्द की, 331 पदों के लिए एक भी अभ्यर्थी नहीं मिला योग्य

शाम करीब 5 बजे सोनौली पहुंचे डीआईजी ने सीमा क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए एसएसबी जवानों द्वारा की जा रही जांच प्रक्रिया को बारीकी से परखा तथा आवागमन करने वाले लोगों की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने सीमा चौकियों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों और सतर्कता की समीक्षा की।

दौरे के दौरान डीआईजी ने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों, स्थानीय पुलिस तथा नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (APF) और नेपाल पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की राष्ट्रविरोधी गतिविधि, तस्करी या सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।

डीआईजी ने सीमा से सटी पगडंडियों पर गश्त के दौरान ग्रामीणों से संवाद किया और युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय पुलिस, इमिग्रेशन, कस्टम्स, आईबी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि कड़ी सुरक्षा निगरानी के साथ-साथ यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा तथा सोनौली ट्रेड एवं ट्रांजिट रूट पर आयात-निर्यात गतिविधियों को सुगम बनाए रखना भी प्राथमिकता है। इसके अलावा नो-मैन्स लैंड क्षेत्र को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश भी दिए।

पढ़ें :- सीज ट्रक, फरार चालक और हाईवे पर सुसाइड ड्रामा, सोनौली में घंटेभर चला हाई वोल्टेज हंगामा

इस अवसर पर नेपाल एपीएफ के डीआईजी दीपेन्द्र कुँवर, डीएसपी गोपी कृष्ण भट्टराई, डीएसपी दुर्गा बहादुर थापा, 22वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी नरेश कुमार, सहायक कमांडेंट प्रिया यादव, जितेंद्र कुमार, कस्टम्स के सहायक आयुक्त सुधीर कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर केसीएम त्रिपाठी, कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा, बेलहिया (नेपाल) के इंस्पेक्टर हरिराम दागी सहित दोनों देशों के कई अधिकारी मौजूद रहे।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...