कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर आई है। गुरुवार तड़के करीब 1:30 बजे नेशनल हाईवे-52 पर एक तेज रफ्तार कार और लॉरी के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। यह हादसा येल्लापुर थाना इलाके के अराबैल घाट में बालागारा क्रॉस के पास हुआ...
उत्तर कन्नड़: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर आई है। गुरुवार तड़के करीब 1:30 बजे नेशनल हाईवे-52 पर एक तेज रफ्तार कार और लॉरी के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। यह हादसा येल्लापुर थाना इलाके के अराबैल घाट में बालागारा क्रॉस के पास हुआ। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
धारवाड़ से घूमने निकले थे सभी दोस्त
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी (MUV) में ड्राइवर समेत कुल 9 लोग सवार थे। ये सभी आपस में दोस्त थे और धारवाड़ के रहने वाले थे। सभी लोग धारवाड़ से धर्मस्थल और चिकमगलूर घूमने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही यह भयानक हादसा हो गया। घायलों को इलाज के लिए पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हुबली के KIMS अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार बनी काल
शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार का ड्राइवर संजीव (33 वर्ष) पार्ट-टाइम फूड डिलीवरी का काम करता था। हादसे के वक्त कार की रफ्तार बहुत तेज थी। लापरवाही के चलते ड्राइवर गाड़ी को सड़क के बिल्कुल दाईं तरफ (रॉन्ग साइड) ले गया जिसके कारण अंकोला की तरफ से आ रही तेज रफ्तार लॉरी से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले सभी 7 लोग धारवाड़ के निवासी थे। मृतकों के नाम इस प्रकार हैं: संजय अंगड़ी (33) – ड्राइवर, बसवराज (48),अभिषेक, ईश्वर (28), अक्षय (26), अभिषेक (26), मंजूनाथ चुलाकी (32)
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू
हादसे में बाल-बाल बचे घायल युवक शिवराज की शिकायत पर येल्लापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 125(2) (दूसरों की जान खतरे में डालना) और 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत केस दर्ज किया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।