साइबर सिटी गुरुग्राम के पॉश इलाके सेक्टर 53 से एक बेहद मार्मिक मामला सामने आया है। यहां एक अपार्टमेंट में रहने वाली 21 वर्षीय घरेलू सहायिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है ताकि मृत्यु के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम के पॉश इलाके सेक्टर 53 से एक बेहद मार्मिक मामला सामने आया है। यहां एक अपार्टमेंट में रहने वाली 21 वर्षीय घरेलू सहायिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है ताकि मृत्यु के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
कमरे में मृत पाई गई सहायिका
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका की पहचान सुषमा देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के सिमडेगा जिले की रहने वाली थी। वह सेक्टर 53 स्थित एक घर में घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी। घटना वाले दिन जब काफी देर तक सुषमा के कमरे में कोई हलचल सुनाई नहीं दी, तो पड़ोसियों और घर के लोगों ने जाकर देखा। सुषमा का शव कमरे के भीतर संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को इस बात की सूचना दी गई।
जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और छानबीन की, लेकिन कमरे से कोई भी सुसाइड नोट या संदेश बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया है।
हर एंगल से जांच कर रही है पुलिस
पुलिस के मुताबिक, मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके गुरुग्राम पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस इस मामले में कई पहलुओं पर काम कर रही है। पुलिस मृतका के मालिकों से पूछताछ कर रही है कि क्या पिछले कुछ दिनों से वह किसी मानसिक तनाव में थी या कोई अन्य समस्या थी। साथ ही मृतका के मोबाइल फोन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। उसकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले उसने किससे बात की थी। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चलेगा। फिलहाल, प्राथमिक रूप से पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।