यूपी में 2027 से पहले UCC लागू होने की अटकलें तेज हैं। योगी-शाह की संभावित मुलाकात के बीच भूपेंद्र चौधरी के बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है।
UCC In UP: समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली दौरे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संभावित मुलाकात की खबर सामने आई है, तो दूसरी तरफ बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने UCC को लेकर बड़ा बयान दिया है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा है कि योगी सरकार UCC लागू करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के संकल्प पत्र में UCC को प्रमुखता से शामिल किया था।
उनके मुताबिक, समान नागरिक संहिता लागू किए बिना महिलाओं को उनके अधिकारों की पूरी सुरक्षा देना संभव नहीं है। अब इसी बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली आ सकते हैं और अमित शाह से उनकी मुलाकात हो सकती है। हालांकि अभी इस मुलाकात का आधिकारिक कार्यक्रम सामने नहीं आया है। लेकिन अगर यह बैठक होती है तो 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ उत्तर प्रदेश में UCC लागू करने की रणनीति पर भी चर्चा संभव है।
#WATCH | Lucknow, UP | On Union Home Minister Amit Shah saying UCC in all 21 NDA states before 2029, BJP leader Bhupendra Singh Chaudhary says, "When the manifesto was released on April 14, 2024, our party prominently included the issue of the Uniform Civil Code (UCC)… Our… pic.twitter.com/dtjPDHbsZ6
— ANI (@ANI) September 15, 2026
पढ़ें :- लखनऊ :बीजेपी से नाराजगी के बीच माता प्रसाद से मिले संजय निषाद, क्या बदलेंगे पाला?
दरअसल, बीजेपी यूपी में 2027 के चुनाव को लेकर लगातार मंथन कर रही है। 2022 की जीत को दोहराना पार्टी के सामने बड़ी चुनौती है, वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन में आई गिरावट के बाद संगठन और चुनावी रणनीति को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लगातार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर रहे हैं और विकास परियोजनाओं के जरिए सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं UCC को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी कह चुके हैं कि NDA की सरकार वाले सभी 21 राज्यों में 2029 से पहले समान नागरिक संहिता लागू करने का लक्ष्य है।
हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि यूपी में UCC लागू करने को लेकर कोई अंतिम फैसला लिया गया है या नहीं। लेकिन एक तरफ योगी-शाह की संभावित मुलाकात और दूसरी तरफ भूपेंद्र चौधरी का बयान, इन दोनों घटनाक्रमों ने सवाल जरूर खड़ा कर दिया है- क्या 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में UCC लागू करने की तैयारी हो रही है?