नई दिल्ली। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों (72nd National Film Awards) की आज शाम को विजेताओं के नाम से पर्दा उठेगा। किसी-किसकी झोली में अवॉर्ड जाने वाले हैं, इसके नतीजे ऑनलाइन लाइव दिखाए जाएंगे। जानिए आप कब और कहां इन्हें देख सकते हैं?
नई दिल्ली। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों (72nd National Film Awards) की आज शाम को विजेताओं के नाम से पर्दा उठेगा। किसी-किसकी झोली में अवॉर्ड जाने वाले हैं, इसके नतीजे ऑनलाइन लाइव दिखाए जाएंगे। जानिए आप कब और कहां इन्हें देख सकते हैं?
साल 2024 के लिए दिए जाएंगे सम्मान
देशभर के फिल्म प्रेमी यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि साल 2024 के लिए प्रदान किए जाने वाले 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स (72nd National Film Awards) के लिए कौन सी फिल्में और परफॉर्मेंस बाजी मारेंगी। इसके लिए बस चंद घड़ियों का इंतजार और करना है। दर्शकों का उत्साह चरम पर है। बता दें कि 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स (72nd National Film Awards) में उन फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्हें 2024 में सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से सर्टिफिकेशन मिला।
कहां देख सकेंगे नतीजे?
चयन प्रक्रिया की देखरेख 11 सदस्यों वाली जूरी ने की, जिसके अध्यक्ष फिल्ममेकर जयराज थे। वे पहले साल 2012 में भी नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की जूरी का हिस्सा रह चुके हैं। विजेताओं के नामों का एलान दर्शक ऑनलाइन देख सकेंगे। सूचना और प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information and Broadcasting) के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) और यूट्यूब चैनलों पर इस घोषणा की लाइव-स्ट्रीमिंग होगी।
मलयालम इंडस्ट्री पर नजरें
इस साल के अवॉर्ड्स में अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है, क्योंकि कई ऐसी फिल्में रेस में हैं जिन्हें क्रिटिक्स और दर्शकों, दोनों से ही काफी तारीफ मिली। वे सफल भी रहीं। खासकर मलयालम सिनेमा के लिए यह साल बहुत शानदार रहा है और ‘ब्रमायुगम’, ‘मंजुम्मेल बॉयज’ और ‘किष्किंधा कांडम’ जैसी फिल्मों ने काफी चर्चा बटोरी है।
हिंदी में इन फिल्मों के नामों की अटकलें
वहीं, साल 2024 की हिंदी सिनेमा में जिन फिल्मों को दावेदार माना जा रहा है, उनमें ‘आर्टिकल 370’, ‘श्रीकांत’ और ‘चंदू चैंपियन’ के नाम शामिल हैं। वहीं, तमिल फिल्में ‘महाराजा’, ‘मेइयाझगन’ और ‘अमरन’; साथ ही तेलुगु फिल्में ‘कल्कि 2898 AD’, ‘लकी भास्कर’ और ‘देवरा- पार्ट 1’ भी कतार शामिल हैं। देखना दिलचस्प होगा कि किसकी झोली में अवॉर्ड जाता है।
इन सितारों के नाम रेस में शामिल
हालांकि नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में नॉमिनेशन का एलान पहले से नहीं किया जाता है। मगर, ममूटी, शिवकार्तिकेयन, विजय सेतुपति, कार्थी और साई पल्लवी जैसे एक्टर्स के नाम टॉप एक्टिंग अवॉर्ड्स की दौड़ में शामिल होने की काफी उम्मीद है।