मशहूर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने चेक बाउंस के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से तीन महीने की जेल की सजा मिलने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी पहली पोस्ट साझा किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सुपरस्टार अक्षय कुमार के साथ नजर आ रहे एक वीडियो साझा किया है।
नई दिल्ली। मशहूर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने चेक बाउंस के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से तीन महीने की जेल की सजा मिलने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी पहली पोस्ट साझा किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सुपरस्टार अक्षय कुमार के साथ नजर आ रहे एक वीडियो साझा किया है। कोर्ट के फैसले के बाद सामने आए इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर इंटरनेट से जुड़े लोगों का ध्यान तेजी से अपनी ओर खींचा है।
अक्षय कुमार संग विज्ञापन में आए नजर
दरअसल राजपाल यादव द्वारा साझा किया गया यह पोस्ट एक प्रसिद्ध मसाला ब्रांड का प्रमोशनल विज्ञापन वीडियो है। इस वीडियो में अक्षय कुमार महिलाओं की एक महफिल में तरह-तरह के स्वादिष्ट खाना परोसते नजर आते हैं, जिससे प्रभावित होकर महिलाएं उन्हें मुख्य शेफ समझ लेती हैं। इसी बीच पीछे से राजपाल यादव की एंट्री होती है, जिसके बाद अक्षय खुलासा करते हैं कि यह लजीज खाना उन्होंने नहीं बल्कि राजपाल और मसाले ने तैयार किया है। दोनों कलाकारों की जोड़ी को फैंस हमेशा की तरह काफी पसंद कर रहे हैं।
फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
इस पोस्ट के सामने आने के बाद कमेंट बॉक्स में प्रशंसकों की काफी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां एक तरफ फैंस अक्षय और राजपाल की कॉमेडी टाइमिंग की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कई यूजर्स कमेंट कर उनसे कोर्ट के फैसले और जेल की सजा से जुड़े सवाल भी पूछ रहे हैं।
क्या है पूरा कानूनी मामला?
आपको बता दे कि दिल्ली हाई कोर्ट ने 10 जुलाई 2026 को चेक बाउंस से जुड़ी 7 अलग-अलग शिकायतों में राजपाल यादव को तीन महीने की साधारण कैद की सजा सुनाई है। इसके अलावा कोर्ट ने उन पर प्रति केस 1.05 करोड़ रुपये के हिसाब से कुल 7.35 करोड़ रुपये का भारी जुर्माना भी लगाया है। यह पूरा मामला साल 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, जिसके बाद वे कर्ज भरपाई नहीं कर सके। धीरे-धीरे ब्याज सहित यह राशि बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये हो गई थी। इसी बीच उनके द्वारा दिए गए चेक बाउंस हो गए थे। फिलहाल, अदालत ने राजपाल यादव को ऊपरी अदालत में अपील दायर करने के लिए 2 महीने का समय दिया है।