जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। लाल चौक इलाके में हुई इस फायरिंग में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी शहीद हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है..
अनंतनाग: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। लाल चौक इलाके में हुई इस फायरिंग में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी शहीद हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात थे तभी आतंकियों ने अचानक उन पर गोलियां बरसा दीं। सुरक्षाबलों ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की जिससे कुछ देर तक दोनों ओर से फायरिंग होती रही। इस दौरान आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
हमले के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। जिस स्थान पर हमला हुआ, वह अनंतनाग का व्यस्त बाजार क्षेत्र है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। घटना के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। लाल चौक और आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सभी प्रमुख रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों और लोगों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हमले में शामिल आतंकियों की संख्या और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी हैं।