1. हिन्दी समाचार
  2. क्रिकेट
  3. मीरपुर में बांग्लादेश का ऐतिहासिक धमाका, ऑस्ट्रेलिया को 86 रनों से रौंदा; मोसाद्देक और नाहिद के आगे कंगारू ढेर

मीरपुर में बांग्लादेश का ऐतिहासिक धमाका, ऑस्ट्रेलिया को 86 रनों से रौंदा; मोसाद्देक और नाहिद के आगे कंगारू ढेर

बांग्लादेश ने क्रिकेट जगत को चौंकाते हुए पहले वनडे मैच में विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत 86 रनों से करारी शिकस्त दे दी। वनडे इतिहास में बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया पर यह सिर्फ दूसरी जीत है…

By Harsh 
Updated Date

Bng vs Aus 1st odi: बांग्लादेश ने क्रिकेट जगत को चौंकाते हुए पहले वनडे मैच में विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत 86 रनों से करारी शिकस्त दे दी। वनडे इतिहास में बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया पर यह सिर्फ दूसरी जीत है। इससे पहले साल 2005 में बांग्लादेश ने कंगारुओं को हराया था। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही बांग्लादेश ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

पढ़ें :- IND vs PAK : भारत ने पाकिस्तान को दिया 212 रनों का विशाल लक्ष्य, अभिषेक-तिलक की तूफानी फिफ्टी

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत शानदार रही। ओपनर तंजीद हसन (54) और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (67) ने बेहतरीन अर्धशतक जड़े। लेकिन असली महफिल करीब 4 साल बाद टीम में वापसी कर रहे मोसाद्देक हुसैन ने लूटी। मोसाद्देक को ऑस्ट्रेलियाई फील्डर्स ने तीन जीवनदान दिए, जिसका फायदा उठाते हुए उन्होंने महज 70 गेंदों में 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 86 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी बदौलत बांग्लादेश ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 284 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

285 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद शर्मनाक रही। पारी की पहली ही गेंद पर तस्कीन अहमद ने मैथ्यू शॉट को बोल्ड कर दिया। खराब फॉर्म से जूझ रहे मार्नस लाबुशेन भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मिडिल ऑर्डर में कूपर कॉनोली (35) और एलेक्स कैरी (47) ने पारी को संभालने की कोशिश की, और आखिर में कैमरून ग्रीन 52 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन वे टीम को संकट से नहीं निकाल सके।

बांग्लादेश के युवा रफ्तार के सौदागर नाहिद राणा ने 140+ किमी/घंटे की स्पीड से गेंदबाजी करते हुए 41 रन देकर 4 विकेट चटकाए और ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ दी। रही-सही कसर मोसाद्देक हुसैन ने 2 विकेट लेकर पूरी कर दी। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर जब 42.2 ओवर में 9 विकेट पर 191 रन था, तभी तेज बिजली और बारिश के कारण खेल रुक गया। दोबारा मैच न होने पर बांग्लादेश को विजेता घोषित कर दिया गया। सीरीज का अगला मैच गुरुवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा।

पढ़ें :- IND vs PAK Final : भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, टीम की गोल्ड मेडल पर होगी नजर
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...