गांव-गांव पहुंचे ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया,चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं; विकास कार्यों का गिनाया लेखा-जोखा
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: विकासखंड नौतनवा में जनसंपर्क अभियान के तहत ब्लॉक प्रमुख एवं प्रशासक राकेश मद्धेशिया ने करीब आधा दर्जन गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। विभिन्न गांवों में चौपाल लगाकर उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के माध्यम से जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों के बीच पहुंचे ब्लॉक प्रमुख ने नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी के नेतृत्व में पिछले साढ़े चार वर्षों में क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को एक-एक कर सामने रखा। उन्होंने दावा किया कि विकासखंड का कोई भी गांव विकास कार्यों से अछूता नहीं है। विधायक निधि सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से गांवों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
हाईमैक्स लाइट से रोशन होंगे गांव
राकेश मद्धेशिया ने कहा कि गांवों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के साथ पथ प्रकाश व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जा रही है। गांवों के प्रमुख स्थानों पर हाईमैक्स लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि रात के समय ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य सिर्फ गांवों में सड़क और रोशनी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि गांवों को रोशनी युक्त, कीचड़ मुक्त और बेहतर सुविधाओं से लैस करना है। ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान और विकास कार्यों में उनकी भागीदारी भी प्राथमिकता है।
चौपाल में खुलकर रखी समस्याएं
जनसंपर्क अभियान के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने हरदी डाली, बैरियहवा, सुडी गांव, भगवानपुर और रतनपुर समेत कई गांवों का भ्रमण किया। अलग-अलग स्थानों पर आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य स्थानीय समस्याएं उनके सामने रखीं।
राकेश मद्धेशिया ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को नौतनवा विधायक के माध्यम से संबंधित विभागों तक पहुंचाकर प्रभावी कार्रवाई और समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद बेहद जरूरी है।
योगी सरकार में विकास की रफ्तार तेज होने का दावा
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार और नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी के प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी गांवों में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास जारी रहेगा।
चौपाल और जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्रामीण एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट
