ऑस्ट्रेलिया में 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक की तैयारियों के बीच एक ऐसा वेन्यू चर्चा में आ गया है, जहां खिलाड़ी मगरमच्छों के बीच प्रतिस्पर्धा करते नजर आ सकते हैं। रॉकहैम्पटन की फिट्जरॉय नदी को रोइंग और कैनो स्प्रिंट मुकाबलों के लिए तकनीकी आकलन में उपयुक्त पाया गया है। यह नदी ब्रिस्बेन से करीब 600 किलोमीटर दूर है और यहां खारे पानी के खतरनाक मगरमच्छ पाए जाते हैं...
Australia olympic’s 2032: ऑस्ट्रेलिया में 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक की तैयारियों के बीच एक ऐसा वेन्यू चर्चा में आ गया है, जहां खिलाड़ी मगरमच्छों के बीच प्रतिस्पर्धा करते नजर आ सकते हैं। रॉकहैम्पटन की फिट्जरॉय नदी को रोइंग और कैनो स्प्रिंट मुकाबलों के लिए तकनीकी आकलन में उपयुक्त पाया गया है। यह नदी ब्रिस्बेन से करीब 600 किलोमीटर दूर है और यहां खारे पानी के खतरनाक मगरमच्छ पाए जाते हैं।
खास बात यह है कि इस नदी को लेकर लंबे समय से सुरक्षा और प्रतियोगिता की निष्पक्षता पर बहस चल रही थी। स्वतंत्र तकनीकी जांच में पानी का बहाव, जलस्तर, हवा, लहरों और बाढ़ के जोखिम जैसी परिस्थितियों का अध्ययन किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक आकलन किए गए हालात में यहां ओलंपिक स्तर की प्रतियोगिता कराई जाएगी।
मगरमच्छों की मौजूदगी ने बढ़ाई चिंता
फिट्जरॉय नदी के आसपास बड़ी संख्या में खारे पानी के मगरमच्छ होने की बात सामने आई है। कुछ रिपोर्टों में इनकी संख्या करीब 500 बताई गई है। हालांकि स्थानीय मगरमच्छ विशेषज्ञ जॉन लीवर ने इस आंकड़े पर सवाल उठाते हुए कहा कि वास्तविक संख्या इससे काफी कम हो सकती है। उनके मुताबिक रॉकहैम्पटन वाले हिस्से में मगरमच्छों की मौजूदगी को लेकर खतरा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है।
फिर भी नदी में मगरमच्छ दिखने की स्थिति के लिए पहले से सुरक्षा प्रोटोकॉल मौजूद हैं। स्थानीय रोइंग प्रतियोगिताओं में भी मगरमच्छ नजर आने पर रेस रोककर स्थिति का आकलन करने की व्यवस्था है। यानी ओलंपिक के दौरान भी खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी और आपात व्यवस्था अहम हिस्सा होगी।
सिर्फ मगरमच्छ नहीं, बहाव भी बड़ी चुनौती
वेन्यू को लेकर सवाल केवल वन्यजीवों तक सीमित नहीं हैं। कुछ अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई रोइंग खिलाड़ियों और कोचों ने नदी की गहराई, बहाव और बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि नदी का प्राकृतिक बहाव अलग-अलग लेन में प्रतियोगिता की परिस्थितियों को प्रभावित कर सकता है।
वहीं World Rowing और Paddle Worldwide की ओर से कहा गया है कि तकनीकी अध्ययन के आधार पर फिट्जरॉय नदी निष्पक्ष प्रतियोगिता की परिस्थितियां उपलब्ध करा सकती है। हालांकि अंतिम चरण में इंफ्रास्ट्रक्चर, सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी कई व्यवस्थाओं की पुष्टि अभी बाकी है।
रॉकहैम्पटन में प्रस्तावित प्रतियोगिता कोर्स करीब दो किलोमीटर लंबा होगा। 2032 तक मौजूदा सुविधाओं को अपग्रेड करने की योजना है। इस फैसले के साथ ऑस्ट्रेलिया पहली बार ओलंपिक रोइंग को ब्रिस्बेन से काफी दूर एक क्षेत्रीय शहर में ले जाने की तैयारी कर रहा है।