बुलंदशहर के शिकारपुर इलाके में 45 वर्षीय लालाराम की हत्या के बाद सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे रनाईच गांव में घर के पास सड़क पर उनका शव और शव के पास उनकी कटी हुई तांग मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया...
बुलंदशहर के शिकारपुर इलाके में 45 वर्षीय लालाराम की हत्या के बाद सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे रनाईच गांव में घर के पास सड़क पर उनका शव और शव के पास उनकी कटी हुई तांग मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से जुड़ी परिस्थितियों के साथ घर के अंदर भी खून के निशान मिले हैं।
रात में घर पर सोने गए थे लालाराम
परिजनों के मुताबिक, लालाराम बुधवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद मकान की पहली मंजिल पर सोने चले गए थे। परिवार के बाकी सदस्य नीचे सो रहे थे। सुबह घर में चीख-पुकार सुनकर परिजनों की नींद खुली तो लालाराम का शव घर के पास पड़ा मिला। परिवार के अनुसार रात तक सब सामान्य था।
लालाराम खेती-किसानी करके परिवार चलाते थे। वह पत्नी रजनी देवी, दो बेटों, बेटी और बहू के साथ रहते थे। बड़े बेटे गौरव की करीब आठ महीने पहले शादी हुई थी और वह पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था, जबकि बेटी सीमा और छोटा बेटा मोहित पढ़ाई कर रहे हैं।
घर के अंदर वारदात हुई या बाहर? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या घर के अंदर हुई या लालाराम को किसी बहाने बाहर बुलाया गया। जांच के दौरान कमरे में खून के निशान मिलने से पुलिस इस पहलू को भी खंगाल रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि कहीं किसी ने बाहर से मकान की ऊपरी मंजिल तक पहुंचकर वारदात तो नहीं की।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह समेत अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फील्ड यूनिट ने घर के कमरों में बेंजीडिन टेस्ट किया, जिसमें खून के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस परिवार के बयानों, CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वजह और आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।