गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर बनी आगामी डॉक्यूसीरीज़ लॉरेंस ऑफ पंजाब को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने इस सीरीज़ के रिलीज़ का कड़ा विरोध करते हुए इसे तुरंत बैन करने की मांग की है।
नई दिल्ली। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर बनी आगामी डॉक्यूसीरीज़ लॉरेंस ऑफ पंजाब को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने इस सीरीज़ के रिलीज़ का कड़ा विरोध करते हुए इसे तुरंत बैन करने की मांग की है। रमेश बिश्नोई ने निर्देशक राघव डार पर बिना परिवार और सरकार की अनुमति के सीरीज़ बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है। इस सीरीज़ को बनाने की अनुमति किसने दी? न परिवार से अनुमति ली गई और न ही सरकार से। अभी मामले कोर्ट में लंबित हैं। हम इसका विरोध करते हैं और इसे बैन किया जाना चाहिए।
इस बीच, पंजाब पुलिस ने भी इस डॉक्यूमेंट्री को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है। पुलिस ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखकर OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 पर 27 अप्रैल को रिलीज़ होने वाली इस सीरीज़ पर रोक लगाने की मांग की है। पंजाब पुलिस की साइबर क्राइम शाखा की स्पेशल डीजीपी वी नीरजा द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि यह सीरीज़ लॉरेंस बिश्नोई के जीवन और उसके आपराधिक सफर को दिखाती है, जिसमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या जैसे हाई-प्रोफाइल मामलों का भी जिक्र है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की सामग्री संगठित अपराध को महिमामंडित कर सकती है और युवाओं को गलत दिशा में प्रभावित कर सकती है। इससे कानून-व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है। वहीं सीरीज़ के निर्माताओं का कहना है कि लॉरेंस ऑफ पंजाब केवल एक व्यक्ति की कहानी नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और सिस्टम के उस पहलू को दिखाती है, जहां महत्वाकांक्षा, ताकत और पहचान मिलकर एक नए तरह के अपराध तंत्र को जन्म देते हैं।