मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चौथे सप्ताह के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अमेरिका के टेक्सास से एलपीजी लेकर चला एक बड़ा कार्गो जहाज न्यू मंगलौर पोर्ट पर सफलतापूर्वक पहुंच गया है।
नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चौथे सप्ताह के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अमेरिका के टेक्सास से एलपीजी लेकर चला एक बड़ा कार्गो जहाज न्यू मंगलौर पोर्ट पर सफलतापूर्वक पहुंच गया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव चरम पर है और वैश्विक व्यापार के लिए बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात अस्थिर बने हुए हैं। इसके बावजूद भारत ने अपनी ऊर्जा आपूर्ति को बनाए रखते हुए बड़ी राहत दी है। सरकार ने साफ तौर पर कहा है कि खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय जहाज और नाविक सुरक्षित हैं और सप्लाई चेन पर फिलहाल किसी तरह का खतरा नहीं है।
खाड़ी में तनाव के बीच भी सुरक्षित भारतीय जहाज, सरकार अलर्ट मोड मेंशिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में जानकारी देते हुए कहा कि फारस की खाड़ी में मौजूद भारत के सभी 22 जहाज और 611 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में किसी भी समुद्री अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही, किसी भी बंदरगाह पर जाम जैसी स्थिति नहीं है, जिससे माल ढुलाई सामान्य रूप से जारी है। सरकार ने मौजूदा हालात को देखते हुए 14 से 31 मार्च के बीच कच्चे तेल और एलपीजी के कार्गो पर शुल्क माफ करने का फैसला भी लिया है, ताकि ऊर्जा सप्लाई में किसी तरह की बाधा न आए और आयात सुचारू रूप से जारी रहे।
घटी पैनिक बुकिंग, देश में LPG का पर्याप्त स्टॉक-मुंद्रा पोर्ट पर भी पहुंचा टैंकर
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में एलपीजी को लेकर शुरुआती दिनों में जो घबराहट थी, अब वह काफी हद तक कम हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ‘पैनिक बुकिंग’ में भारी गिरावट आई है। जहां पहले बड़ी संख्या में लोग गैस बुक करा रहे थे, वहीं अब गुरुवार को केवल 55 लाख बुकिंग दर्ज की गई, जो स्थिति के सामान्य होने का संकेत है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कोई भी वितरण केंद्र खाली नहीं है।
इसी बीच, भारत ने जोखिम भरे समुद्री रास्तों के बावजूद अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करना जारी रखा है। एक भारतीय कच्चा तेल टैंकर मुंद्रा पोर्ट पर सुरक्षित पहुंच चुका है। इसके अलावा, लगभग 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर दो भारतीय जहाज 16 और 17 मार्च को होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत पहुंचे थे, जो यह दिखाता है कि चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद देश की सप्लाई चेन मजबूत बनी हुई है।