1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 112 किमी की नई रेल लाइन से बदल सकती है नैमिषारण्य की तस्वीर, मथुरा से सीधी कनेक्टिविटी: पर्यटन मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

112 किमी की नई रेल लाइन से बदल सकती है नैमिषारण्य की तस्वीर, मथुरा से सीधी कनेक्टिविटी: पर्यटन मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

नैमिषारण्य को देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्रों से जोड़ने की कोशिश तेज होती दिख रही है। नैमिष-मथुरा रेल जोड़ो अभियान समिति के प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से मुलाकात कर नैमिषारण्य से हरदोई होते हुए फर्रुखाबाद तक नई रेल लाइन बिछाने का प्रस्ताव रखा। समिति के मुताबिक करीब 112 किलोमीटर का यह रेलखंड तैयार होने पर नैमिषारण्य की रेल कनेक्टिविटी का दायरा काफी बढ़ सकता है...

By Harsh 
Updated Date

लखनऊ।  नैमिषारण्य को देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्रों से जोड़ने की कोशिश तेज होती दिख रही है। नैमिष-मथुरा रेल जोड़ो अभियान समिति के प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से मुलाकात कर नैमिषारण्य से हरदोई होते हुए फर्रुखाबाद तक नई रेल लाइन बिछाने का प्रस्ताव रखा। समिति के मुताबिक करीब 112 किलोमीटर का यह रेलखंड तैयार होने पर नैमिषारण्य की रेल कनेक्टिविटी का दायरा काफी बढ़ सकता है।

पढ़ें :- यूपी पर्यटन की अनूठी पहल, 'एक शहर, एक आवाज, 60 सेकंड' : Gen-Z रील्स के जरिए सुनाएंगे अपने शहर की कहानी

पांच बड़े तीर्थ एक रेल नेटवर्क में आने का दावा

समिति के महासचिव अजय पाल सिंह सोमवंशी ने बताया कि इस लिंक से नैमिषारण्य को फर्रुखाबाद के रास्ते मथुरा-वृंदावन से जोड़ने का रास्ता खुलेगा। इसके साथ अयोध्या, काशी, प्रयागराज और चित्रकूट जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच रेल संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है। अभियान समिति का कहना है कि इससे देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नैमिषारण्य तक पहुंच आसान होगी।

मंत्री के सामने रखे प्रस्ताव में इसे केवल यात्री सुविधा तक सीमित नहीं बताया गया। समिति ने तर्क दिया कि नया रेल मार्ग बनने से माल ढुलाई के लिए भी एक वैकल्पिक गलियारा तैयार हो सकता है। इससे संबंधित इलाकों में कारोबार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई।

पढ़ें :- बीजेपी सरकार ने ' एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को किया साकार : पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह

मंत्री ने रेल मंत्री को पत्र भेजने के निर्देश दिए

प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना के फायदे बताते हुए केंद्र के सामने प्रस्ताव रखने का आग्रह किया। मंत्री जयवीर सिंह ने इसकी उपयोगिता को देखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं। समिति ने दावा किया कि परियोजना से प्रदेश के करीब 14 जिलों की बड़ी आबादी को फायदा मिल सकता है और धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

गौरतलब है कि रेलवे से जुड़े दस्तावेजों में नैमिषारण्य-फर्रुखाबाद के बीच 112 किलोमीटर की नई ब्रॉडगेज लाइन के प्राथमिक इंजीनियरिंग और ट्रैफिक सर्वे को मंजूरी मिलने की जानकारी भी सामने आई है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...