1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नौतनवा को मिला बड़ा तोहफ़ा: ग्राम मुड़िला में बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, 27.88 करोड़ की राशि स्वीकृत

नौतनवा को मिला बड़ा तोहफ़ा: ग्राम मुड़िला में बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, 27.88 करोड़ की राशि स्वीकृत

नौतनवा को मिला बड़ा तोहफ़ा: ग्राम मुड़िला में बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, 27.88 करोड़ की राशि स्वीकृत

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से राजकीय इंटर कॉलेज की कमी से जूझ रहे क्षेत्र में अब मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौतनवा ब्लॉक के ग्राम मुड़िला में विद्यालय निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह विद्यालय कक्षा 1 से लेकर 12 तक के विद्यार्थियों को आधुनिक व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएगा।

पढ़ें :- बस्ती में जल जीवन मिशन की टंकी ही हो गई गायब! घरों में लगी टोटियों से नहीं सिर्फ सरकार की फाइलों में बह रहा है पानी

नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बताया कि 27 करोड़ 88 लाख 46 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक विद्यालय के लिए धनराशि भी आवंटित कर दी गई है। उनके अनुसार निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होने की संभावना है।

विधायक ऋषि त्रिपाठी ने यह भी बताया कि उन्होंने शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री से लगातार नौतनवा क्षेत्र में विद्यालय स्थापित करने की मांग उठाई थी। क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इस विद्यालय को स्वीकृति दी है। अब विद्यालय का निर्माण जल्द शुरू होगा और आधुनिक सुविधाओं से लैस यह बड़ा शैक्षणिक केंद्र बनने जा रहा है।

क्षेत्र में अब तक किसी राजकीय इंटर कॉलेज के न होने से गरीब एवं कमजोर तबके के बच्चे उच्चतर माध्यमिक शिक्षा से वंचित हो रहे थे। नए कम्पोजिट विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा का मजबूत अवसर मिलेगा।

ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्र में शिक्षा संसाधनों की कमी को दूर करने की दिशा में इसे एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस निर्णय को नौतनवा के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया है।

पढ़ें :- सीएम योगी का बड़ा एलान: शिक्षामित्रों को अप्रैल से 10 की जगह मिलेंगे 18 हजार रुपए, अनुदेशकों को मिलेगा 17 हजार

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...