पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश सीमा से गांजे के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने 22 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत गैर कानूनी बाजार में करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पूर्वी दिल्ली। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश सीमा से गांजे के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है।
10 लाख रुपये है बाजार में कीमत
इस मामले में पुलिस ने 22 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत गैर कानूनी बाजार में करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही गांजा की सप्लाई में इस्तेमाल की जानेवाली एक मारुति कार जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, 3 जून को गाजियाबाद निवासी सोनू कुमार को गाजीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। उसकी कार से गांजा बरामद हुआ था। पूछताछ में पता चला है कि वह ओडिशा के मलकानगिरि निवासी ‘देबा मांडी’ से गांजा खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई कर रहा था।
इस जानकारी के बाद एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने तकनीकी निगरानी और लगातार छापेमारी शुरू की। लगातार कई दिनों तक कई जिलों में पीछा करने के बाद 17 जून को पुलिस ने देबा मांडी को ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा पर अपने शिकंजे में ले लिया। इस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपित जंगलों में गांजा उगाता था और उसकी सप्लाई करता था। फिलहाल, पुलिस इस नेटवर्क से जुड़ी अन्य कड़ियों की गहनता से जांच कर रही है।