प्रतीक पिछले काफी समय से फेफड़ों से जुड़ी बीमारी से परेशान थे। उनके फेफड़ों में खून का थक्का जमने का इलाज चल रहा था और हाल के दिनों में उनकी तबीयत लगातार खराब बनी हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक तीन दिन पहले उन्हें मेदांता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। बीते कुछ दिनों मुंबई...
Lucknow: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ में निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। परिवार के लोग उन्हें सुबह गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत सुबह करीब साढ़े पांच बजे अचानक बिगड़ गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रतीक पिछले काफी समय से फेफड़ों से जुड़ी बीमारी से परेशान थे। उनके फेफड़ों में खून का थक्का जमने का इलाज चल रहा था और हाल के दिनों में उनकी तबीयत लगातार खराब बनी हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक तीन दिन पहले उन्हें मेदांता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। बीते कुछ दिनों मुंबई में भी उन्होंने लंबे समय तक इलाज करवाया था। बुधवार सुबह जब उन्होंने प्रतिक्रिया देना बंद कर दिया तो परिवार वाले तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के डॉक्टरों की एक टीम अब मौत की असली वजह की जांच करेगी। फिलहाल शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि उनकी पुरानी स्वास्थ्य समस्याएं ही इस दुखद घटना की वजह बनीं। प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहते हुए फिटनेस की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके थे। कभी अधिक वजन से जूझने वाले प्रतीक ने कड़ी मेहनत से खुद को पूरी तरह बदल लिया था। उन्होंने 100 किलो से ज्यादा वजन कम कर युवाओं के बीच एक फिटनेस आइकन की छवि बनाई थी। लखनऊ में उनका बड़ा जिम भी है और उन्हें फिट इंडिया अभियान से जुड़े प्रमुख चेहरों में गिना जाता था। उनके बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन को अंतरराष्ट्रीय फिटनेस प्लेटफॉर्म्स पर भी सराहा गया था।