नेपाल के बाढ़ प्रभावितों के लिए प्रेस क्लब ऑफ महाराजगंज ने नेपाल के प्रधानमंत्री राहत कोष में की मदद
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने आर्थिक सहयोग किया है। प्रेस क्लब की ओर से नेपाल के प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप उद्धार कोष में 51 हजार रुपये की राशि जमा किए गए हैं।
सोमवार को प्रेस क्लब ऑफ महाराजगंज के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल को बैंक में जमा की गई सहायता राशि का बैंक वाउचर सौंपा।
इस मौके पर अमित त्रिपाठी ने कहा कि नेपाल में हाल ही में आई बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से बड़े पैमाने पर जन-धन की क्षति हुई है। ऐसे दुखद समय में भारतीय पत्रकारों की ओर से नेपाल के बाढ़ प्रभावित नागरिकों तक कुछ न कुछ सहयोग पहुंचे। इसी उद्देश्य से यह सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
नेपाल के रुपन्देही जिले के जिलाधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल ने प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों द्वारा प्रधानमंत्री कोष में सहायता राशि जमा किए जाने पर आभार व्यक्त किया। इस मौके पर लुम्बिनी प्रेस क्लब रुपन्देही के अध्यक्ष कमल रायमाझी सहित नेपाल और भारत के कई पत्रकार मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट