1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. SGPGI लखनऊ नैक में ‘A++’ ग्रेड हासिल करने वाला प्रदेश का पहला चिकित्सा संस्थान बना, राज्यपाल ने दी बधाई

SGPGI लखनऊ नैक में ‘A++’ ग्रेड हासिल करने वाला प्रदेश का पहला चिकित्सा संस्थान बना, राज्यपाल ने दी बधाई

प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाध्यक्ष आनंदीबेन पटेल (Governor and Chancellor Anandiben Patel) ने संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, लखनऊ को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) द्वारा 3.66 सीजीपीए (सात बिंदु स्केल पर) के साथ पहले प्रयास में ही 'A++' ग्रेड से मान्यता प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

By संतोष सिंह 
Updated Date

लखनऊ: प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाध्यक्ष आनंदीबेन पटेल (Governor and Chancellor Anandiben Patel) ने संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, लखनऊ को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) द्वारा 3.66 सीजीपीए (सात बिंदु स्केल पर) के साथ पहले प्रयास में ही ‘A++’ ग्रेड से मान्यता प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। यह मान्यता 02 जनवरी, 2025 से आगामी 05 वर्षों तक के लिए मान्य है। एसजीपीजीआई, लखनऊ (SGPGI, Lucknow) प्रदेश का पहला चिकित्सा संस्थान है, जिसे नैक में ‘A++’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान में उच्च मानकों को दर्शाती है।

पढ़ें :- SRH vs DC Live : आज हैदराबाद और दिल्ली के बीच होगी भिड़ंत, जानें - कब, कहां देख पाएंगे लाइव मैच

राज्यपाल ने कहा कि यह उपलब्धि एसजीपीजीआई (SGPGI) के समर्पित नेतृत्व, उत्कृष्ट शिक्षण, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने संस्थान के शिक्षकों, शोधकर्ताओं, कर्मचारियों और छात्रों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह मान्यता न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा को बढ़ाती है, बल्कि उत्तर प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है।

राज्यपाल ने एसजीपीजीआई (SGPGI)  से अपेक्षा की कि संस्थान इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ भविष्य में भी कार्य करता रहेगा और स्वास्थ्य सेवाओं एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि संस्थान की यह उपलब्धि राज्य और देश के मेडिकल क्षेत्र में एक नई प्रेरणा का संचार करेगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 से अब तक राज्य के 08 राज्य विश्वविद्यालयों को ‘A++’ ग्रेड, 04 राज्य विश्वविद्यालयों को ‘A+’ ग्रेड तथा 01 राज्य विश्वविद्यालय को ‘A’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही प्रदेश के 06 राज्य विश्वविद्यालयों को पीएम ऊषा योजना के अंर्तगत प्रत्येक विश्वविद्यालय को 100-100 करोड़ की ग्रांट प्राप्त हुई है। प्रदेश में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC ) द्वारा कुल 05 विश्वविद्यालयों को श्रेणी-1 की मान्यता प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के 06 विश्वविद्यालयों ने क्यूएस एशिया रैंकिंग एवं क्यू0एस0 साउथ एशिया रैंकिंग में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है। नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF)-2024 के परिणामों में भी प्रदेश के 16 राज्य विश्वविद्यालयों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

विदित है कि ‘A++’ ग्रेड प्राप्त करना राज्य के शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान के स्तर, बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवा की उत्कृष्टता को दर्शाता है। राज्यपाल  ने इस अवसर पर सभी संबंधित व्यक्तियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह सफलता सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और इस उत्कृष्टता को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

पढ़ें :- IAS Transfer: यूपी में दो दर्जन आईएएस अफसरों के हुए तबादले, अलीगढ़, एटा, बांदा, बाराबंकी समेत इन जिलों को मिले नए जिलाधिकारी

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...