1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में बेकाबू डंपर ने चार गाड़ियों को रौंदा, युवक का एक पैर कट के अलग हुआ, डंपर चालक और खलासी फरार

लखनऊ में बेकाबू डंपर ने चार गाड़ियों को रौंदा, युवक का एक पैर कट के अलग हुआ, डंपर चालक और खलासी फरार

हादसा सुबह करीब 7 बजे चंद्राढाल के पास हुआ। उस वक्त सर्विस लेन पर रोज की तरह ऑटो चालक सवारियां बैठा रहे थे और आसपास चाय-पानी की दुकानें खुल चुकी थीं। तभी अचानक मुख्य सड़क से तेज रफ्तार डंपर सर्विस लेन में घुस आया। सबसे पहले उसने एक ऑटो को टक्कर मारी, जिसके बाद वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। हादसे के दौरान एक युवक डंपर और डिवाइडर के बीच फंस गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसका बायां पैर कट गया और वह सड़क पर ही गिर पड़ा...

By Harsh 
Updated Date

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने ऐसा कहर बरपाया कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन में सवारियां बैठा रहे ऑटो चालकों और वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बेकाबू डंपर ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्सा, सीएनजी ऑटो, बाइक और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पढ़ें :- ‘फूलन देवी बनकर बदला लूंगी....अपने जलते घर को देखकर युवती हुई आगबबूला, वीडिओ हुआ वायरल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 7 बजे चंद्राढाल के पास हुआ। उस वक्त सर्विस लेन पर रोज की तरह ऑटो चालक सवारियां बैठा रहे थे और आसपास चाय-पानी की दुकानें खुल चुकी थीं। तभी अचानक मुख्य सड़क से तेज रफ्तार डंपर सर्विस लेन में घुस आया। सबसे पहले उसने एक ऑटो को टक्कर मारी, जिसके बाद वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। हादसे के दौरान एक युवक डंपर और डिवाइडर के बीच फंस गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसका बायां पैर कट गया और वह सड़क पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग उसकी हालत देखकर दहशत में आ गए। वहीं स्कूल जा रही सरकारी शिक्षिका निधि का पैर टूट गया। कई वाहन सड़क किनारे पलट गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद डंपर का खलासी नीचे उतरकर भाग निकला। कुछ ही सेकेंड बाद चालक भी मौके से फरार हो गया। सड़क पर गाड़ियों के टूटे हिस्से, खून और लोगों का सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को वाहनों के नीचे से निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में भरतनगर निवासी आशु गौतम का पैर कट गया है, जबकि कुशीनगर निवासी अभय कुमार सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा ऑटो चालक पंकज, श्याम सुंदर और शिक्षिका निधि भी घायल हुए हैं।

मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा के अनुसार, हादसे की सूचना सुबह करीब 7:15 बजे मिली थी। गंभीर घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पढ़ें :- आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कंटेनर-डंपर की भीषण टक्कर, ड्राइवर और क्लीनर की जिंदा जलकर मौत, सिर्फ हड्डियां बचीं

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...