तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय मंगलवार को चेन्नई के एक सरकारी स्कूल पहुंचे और वहां बच्चों के साथ बैठकर नाश्ता किया। उन्होंने खुद विद्यार्थियों को खाना परोसा और उनके साथ बातचीत भी की..
Chennai: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय मंगलवार को चेन्नई के एक सरकारी स्कूल पहुंचे और वहां बच्चों के साथ बैठकर नाश्ता किया। उन्होंने खुद विद्यार्थियों को खाना परोसा और उनके साथ बातचीत भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से पढ़ाई और स्कूल की सुविधाओं को लेकर भी जानकारी ली। चेन्नई के तिरुवन्मियूर स्थित गांधी ग्रामम सरकारी मिडिल स्कूल में यह कार्यक्रम पेरुंथलैवर कामराजर मुफ्त नाश्ता योजना के विस्तार के मौके पर आयोजित किया गया था।
अब बड़ी कक्षाओं के बच्चों को भी मिलेगा नाश्ता
अब तक योजना का लाभ कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को मिल रहा था। सरकार ने इसका दायरा बढ़ाकर कक्षा 6 से 8 तक कर दिया है। यानी अब सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 8 तक पढ़ने वाले बच्चों को योजना के तहत सुबह का नाश्ता मिलेगा।
इस विस्तार से राज्य के 15,454 स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 15.30 लाख अतिरिक्त विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलने की बात कही गई है। सरकार ने इसके लिए 217.63 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी मंजूर की है।