सोनौली में हाईवे के कट बंद होने से व्यापारियों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन के लिए बनाए गए कटों को बंद किए जाने से व्यापारियों में आक्रोश है। सड़क निर्माण करा रही पीएनसी कंपनी द्वारा बीती रात कई कट बंद किए जाने के बाद व्यापारियों ने इसे जनहित और व्यापारिक गतिविधियों के प्रतिकूल बताते हुए प्रशासन से तत्काल कट खोलने की मांग की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि बंद किए गए कटों को नहीं खोला गया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
मामले को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सोनौली नगर अध्यक्ष अजय उर्फ बबलू सिंह और लोहिया वाहिनी समाजवादी के राष्ट्रीय सचिव बैजू यादव के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम नौतनवा कुणाल और सीओ नौतनवा बसंत सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को मांग पत्र सौंपते हुए कट बंद किए जाने पर विरोध जताया।
व्यापारियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम कुणाल और सीओ बसंत सिंह गुरुवार दोपहर पीएनसी के अधिकारियों के साथ सोनौली पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर बंद किए गए कटों का निरीक्षण किया। इसके बाद व्यापारियों के साथ करीब एक किलोमीटर तक पैदल भ्रमण कर हाईवे पर खुले और बंद कटों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चार अन्य कटों को भी बंद करने के निर्देश दिए। इस पर व्यापारियों ने विरोध जताते हुए कहा कि बिना पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था के कट बंद किए जाने से बाजार का आवागमन प्रभावित होगा। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दुकानदारों और ग्राहकों को भी सड़क के एक छोर से दूसरे छोर तक आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
कट नहीं खुले तो सड़क पर उतरेंगे व्यापारी
व्यापारी नेता अजय उर्फ बबलू सिंह और सपा नेता बैजू यादव ने कहा कि सोनौली सामान्य कस्बा नहीं, बल्कि भारत-नेपाल सीमा का प्रमुख व्यापारिक और आवागमन केंद्र है। बाजार के बीच बने कट यहां की व्यापारिक व्यवस्था और स्थानीय आवागमन के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में अचानक कई कटों को बंद कर देना उचित नहीं है।
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लगे और बाजार का आवागमन भी सुचारु बना रहे। व्यापारियों ने दो टूक कहा कि यदि बंद कटों को खोलकर आवागमन बहाल नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
10 से 12 कटों से होता है बाजार का आवागमन
व्यापारियों के अनुसार सोनौली कस्बे में टेंपो स्टैंड से भारत द्वार तक करीब एक किलोमीटर के हिस्से में हाईवे के डिवाइडर पर लगभग 10 से 12 कट बने हैं। इन्हीं कटों के जरिए बाजार के दोनों ओर स्थानीय लोगों, ग्राहकों, राहगीरों और व्यापारियों का आवागमन होता है।
व्यापारियों ने अधिकारियों को भ्रमण के दौरान प्रत्येक कट की स्थिति से अवगत कराया और बताया कि किन स्थानों पर कट बंद होने से सबसे अधिक परेशानी उत्पन्न होगी। उनका कहना है कि बाजार की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए सभी कटों को बंद करना व्यावहारिक नहीं होगा।
प्रशासन ने दिया समाधान का भरोसा
एसडीएम कुणाल और सीओ बसंत सिंह ने व्यापारियों की समस्याओं को सुना और मौके की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यापारियों को समस्या के समाधान का भरोसा दिया। अब निगाहें प्रशासन और सड़क निर्माण एजेंसी की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
सीमावर्ती व्यापारिक कस्बे सोनौली में हाईवे के कटों को लेकर व्यापारियों के तेवर से साफ है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो मामला आंदोलन का रूप ले सकता है।
