यूपी की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट बैठक (Cabinet Meeting) आयोजित की गई है। कैबिनेट में विभिन्न विभागों के 29 प्रस्ताव रखे गए। इनमें से 28 को मंजूरी दी गई। जबकि, एक प्रस्ताव मदरसे से संबंधित स्थगित कर दिया गया।
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट बैठक (Cabinet Meeting) आयोजित की गई है। कैबिनेट में विभिन्न विभागों के 29 प्रस्ताव रखे गए। इनमें से 28 को मंजूरी दी गई। जबकि, एक प्रस्ताव मदरसे से संबंधित स्थगित कर दिया गया। शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी किया गया। इसके प्रस्ताव को मंजूरी मिली।
कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि यह जगह भगवान परशुराम की जन्मस्थली है। शासन ने 25 जून 2025 को अनुरोध किया था। भारत सरकार से एनओसी आने के बाद इस पर अब कैबिनेट की भी सहमति मिल गई है। कैबिनेट में उप्र में स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने के लिए नई नीति के साथ ही उप्र में स्टार्टअप, इन्क्यूबेशन स्टार्टअप इकोसिस्टम (Incubation Startup Ecosystem) को प्रोत्साहित करने सोसायटी पंजीकरण अधिनियम (Societies Registration Act) के तहत उप्र स्टार्टअप मिशन की स्थापना (Establishment of the UP Startup Mission) से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
डाटा सेंटर नीति फिर से लागू
डाटा सेंटर नीति जो समाप्त हो गई थी, आज फिर से लागू कर दी गई। मिशन डायरेक्टरेट बॉडी के हेड चीफ सेक्रेटरी होगें। एंपावरमेंट कमेटी बनाई जाएगी। अभी तक स्टार्टअप पॉलिसी में प्रोटोटाइप 10 लाख और सीए कैपिटल 15 से 50 लाख है। इनक्यूबेटर संचालन 40 लाख सालाना अनुदान मिलेगा। 1000 करोड़ का स्टार्टअप फंड रखा गया है। इसमें 400 करोड़ एकेटीयू का है।
पशुओं का कराया जाएगा बीमा
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह (Animal Husbandry Minister Dharampal Singh) ने बताया कि सीएम जोखिम पशुधन बीमा प्रंबधन योजना, नस्ल सुधार, पशुधन बीमा और गौशाला के संवर्धन के लिए कई योजनाएं लागू की जाएंगी। पशुओं का बीमा भी होगा। इसका राज्यांश 85 फीसदी है। प्रत्येक पशुधन की कीमत तय की जाएगी। मुर्रा भैंस 75000, विदेशी, हरियाणवी, साहिबान गिरी गाय की कीमत 50 हजार से 65 हजार तक रहेगी। बैल की कीमत 40 हजार, खच्चर, गधा आदि 20 हजार, घोड़ा 60 हजार, भेड़ और बकरी की 6500 रुपये कीमत रहेगी। बीमा में केंद्र का राज्यांश 51 फीसदी, राज्य का 34 फीसदी और किसान का 15 फीसदी रहेगा। दैवीय आपदा, बीमारी और हादसे पर बीमा मिलेगा। गौशालाओं में 1.35 लाख गाय हैं। इन पर हर दिन आठ करोड़ रुपये खर्च हो रहा है।
श्रम मंत्री अनिल राजभर (Labour Minister Anil Rajbhar) ने कहा कि बनारस में ESIC श्रम विभाग के मेडिकल कॉलेज के लिए निःशुल्क जमीन आवंटन का प्रस्ताव पारित किया गया। मुरादाबाद, गोरखपुर में पांच-पांच एकड़ में 100 बेड हॉस्पिटल के लिए जमीन आवंटित की गई है। बनारस में 13 एकड़ जमीन पर मेडिकल कॉलेज बनेगा। 50 फीसदी जमीन श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित किया गया है। कुल 50 सीट में 25 सीट श्रमिक के बच्चों के लिए रहेगी।
इन प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी
इसके अलावा कानपुर के बिल्हौर में महर्षि योगी इंटरनेशनल कृषि विश्वविद्यालय, फतेहपुर में ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना और गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय की स्थापना को भी मंजूरी दी मिली। साथ ही लोक सेवा आयोग के अध्यक्षों व सदस्यों की पेंशन बढ़ाने, उप्र में स्टार्टअप, इन्क्यूबेशन स्टार्टअप, शाहजहां पुर के जलालाबाद कस्बे का नाम बदलने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
पदक विजेताओं को सीधी भर्ती का प्रस्ताव पास
मंत्री गिरीश यादव ने बताया कि ओलंपिक, महिला ओलंपिक, एशियन आदि के पदक विजेताओं को सीधी भर्ती का प्रस्ताव पास किया गया। लोक सेवा आयोग की प्रक्रिया से बाहर करके इन्हें नौकरी दी जाएगी। समूह ख और क के लिए यह है। 09 पदों पर क्रीड़ा अधिकारी, 09 पदों पर जिला युवा कल्याण अधिकारी और 23 पदों पर उप क्रीड़ा अधिकारी की सीधी भर्ती होगी। कांस्य और रजत पदक विजेताओं के लिए ये पद रखे गए हैं।