उत्तर प्रदेश के वाराणसी में चर्चित एमएससी (M.Sc) छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद क्राइम ब्रांच और राजातालाब पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल आरोपी पुनीत मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में चर्चित एमएससी (M.Sc) छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद क्राइम ब्रांच और राजातालाब पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल आरोपी पुनीत मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान उसका एक अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में नाकेबंदी की गई है।
हत्या के लिए दिया था लाखों का लालच
जांच में यह सामने आया है कि मऊ निवासी पुनीत मिश्रा मुख्य आरोपी विवेक चौबे का करीबी दोस्त है। उसने श्रेया की हत्या की साजिश और शव को ठिकाने लगाने में सहयोग के लिए अपने अन्य साथियों को लाखों रुपये देने का लालच दिया था।
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि बीते 20 अगस्त को रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव इलाके में स्थित एक किराए के मकान के बाथरूम से छात्रा श्रेया उपाध्याय का गला रेता हुआ शव बरामद हुआ था। यह कमरा श्रेया के दूर के रिश्तेदार और कथित प्रेमी विवेक चौबे ने किराए पर लिया था, जो घटना के बाद से ही फरार चल रहा है।
शादी तय होने से नाराज था मुख्य आरोपी
परिजनों का कहना है कि मृतका श्रेया की सगाई आगामी 26 नवंबर को रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के एक अधिकारी से होने वाली थी। विवेक चौबे इस शादी से बेहद नाखुश था। आरोप है कि इसी रंजिश और संपत्ति के लालच में विवेक ने पुनीत मिश्रा व अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर इस निर्मम हत्याकांड की साजिश रची थी।
पुलिस की कार्रवाई जारी
वाराणसी पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी विवेक चौबे और मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दूसरे बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा।