झारखंड की राजधानी रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अब इस आंदोलन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का भी समर्थन मिल गया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत के बाद कहा है कि उनकी पार्टी छात्रों की सभी जायज़ मांगों के साथ खड़ी है।
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अब इस आंदोलन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का भी समर्थन मिल गया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत के बाद कहा है कि उनकी पार्टी छात्रों की सभी जायज़ मांगों के साथ खड़ी है।
दरअसल, झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) और झारखंड स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर पिछले करीब एक सप्ताह से हजारों छात्र रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठे हैं। हाल ही में छात्रों ने हाथों में जलती मशाल लेकर विरोध मार्च भी निकाला और साफ कहा कि जब तक पूरे मामले की CBI जांच नहीं होगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बताते चले कि छात्रों का आरोप है कि 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में कट-ऑफ तय करने में गंभीर अनियमितताएँ हुई। उनका यह भी दावा है कि मेरिट सूची पर जिम्मेदार अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं थे और OMR शीट में भी कथित हेरफेर की आशंका है। इसके अलावा जिस एजेंसी को परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी गई थी उसे पहले ब्लैकलिस्ट किए जाने का भी मुद्दा उठाया जा रहा है। हालांकि राज्य सरकार की ओर से मामले की जांच CID को सौंपी गई है, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उन्हें निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी पर अधिक भरोसा है। साथ ही वे भविष्य में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए OMR शीट में Not Attempted का अलग विकल्प जोड़ने की भी मांग कर रहे हैं। इस पूरे मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है।
एक ओर CJP और विपक्ष के नेता छात्रों के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं, वहीं राज्य सरकार का कहना है कि जांच जारी है और उचित कार्रवाई की जाएगी।अब देखना होगा कि सरकार छात्रों की CBI जांच की मांग मानती है या फिर यह आंदोलन आने वाले दिनों में और बड़ा रूप लेता है।
रिपोर्ट : कल्पना पांडेय