मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने इलाके को हिलाकर रख दिया। नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास तेज बारिश के बाद उफनाए बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं...
उज्जैन: मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने इलाके को हिलाकर रख दिया। नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास तेज बारिश के बाद उफनाए बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं ने उज्जैन से कार किराये पर ली थी। इनमें सात लोग ओडिशा के रहने वाले थे, जबकि ड्राइवर अरुण गोयल आगर-मालवा के बड़ौद का निवासी बताया गया है। हादसा रात करीब तीन बजे हुआ। शुरुआती जांच में पानी में डूबने से मौत की बात सामने आई है।
रात की बारिश ने बढ़ाया नाले का बहाव
नलखेड़ा में हादसे से पहले रातभर तेज बारिश हुई थी। बीते 24 घंटे में करीब 3.7 इंच बारिश दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। बारिश के बाद नाले का पानी अचानक बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आने के बाद कार बहती चली गई। बताया जा रहा है कि वाहन पुलिया से करीब 100 मीटर दूर तक चला गया था। सुबह पानी कम होने पर कार दिखाई दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ की मदद से कार को बाहर निकाला गया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मंदिर और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है।
हादसे के बाद लोगों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने विरोध जताते हुए अंबेडकर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। इलाके में बंद की तैयारी की भी बात सामने आई है। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। कलेक्टर, एसपी दिलीप कुमार सोनी और एएसपी रवींद्र कुमार बोयट समेत प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस अब हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
