1. हिन्दी समाचार
  2. तकनीक
  3. हवा में 300 फीट नीचे आया एयर इंडिया का विमान, फुकेट-दिल्ली फ्लाइट में 10 यात्री और 4 क्रू मेंबर घायल

हवा में 300 फीट नीचे आया एयर इंडिया का विमान, फुकेट-दिल्ली फ्लाइट में 10 यात्री और 4 क्रू मेंबर घायल

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में सोमवार को अचानक तेज टर्बुलेंस आने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हवा में जोरदार झटके लगने के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव हुआ जिससे कई यात्री और केबिन क्रू सदस्य घायल हो गए...

By Harsh 
Updated Date

नई दिल्ली।  फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में सोमवार को अचानक तेज टर्बुलेंस आने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हवा में जोरदार झटके लगने के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव हुआ जिससे कई यात्री और केबिन क्रू सदस्य घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की।

पढ़ें :- BRICS समिट: सात साल बाद भारत आ सकते हैं चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग, 400 लोगों का दल भी होगा साथ

जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 फुकेट से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के क्रूज चरण के दौरान विमान को अचानक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। शुरुआती रिपोर्टों में विमान के करीब 300 फीट नीचे आने की बात कही गई। माना जा रहा है कि हवा के तेज उतार-चढ़ाव यानी अपड्राफ्ट या डाउनड्राफ्ट के कारण विमान की ऊंचाई में यह अचानक बदलाव हुआ।

घटना में करीब 10 यात्रियों और केबिन क्रू के 4 सदस्यों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार, अचानक लगे झटकों के कारण कुछ लोगों को चोटें आईं और विमान के केबिन के अंदर भी हलचल मच गई। सोशल मीडिया पर सामने आई कुछ तस्वीरों में केबिन की छत के पैनलों पर टकराने के निशान दिखाई दिए।

विमान के दिल्ली पहुंचने से पहले ही एयरपोर्ट अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई थी। इसके बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मेडिकल टीमों को अलर्ट कर तैयार रखा गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को विमान से उतारा गया। जिन लोगों को चोटें लगी थीं, उन्हें जांच और जरूरी उपचार के लिए एयरपोर्ट की मेडिकल सुविधा में भेजा गया।

एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस जैसी स्थिति बनी, जिससे विमान की ऊंचाई में अस्थायी बदलाव हुआ। एयरलाइन के अनुसार, विमान सुरक्षित उतरा और सभी यात्री व क्रू सुरक्षित हैं। कंपनी ने बताया कि प्रभावित लोगों को जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।

पढ़ें :- वंदे मातरम विवाद में कूदे कपिल सिब्बल, पूछा- क्या BJP ने 1950 से किसी भी निजी या सरकारी कार्यक्रम में इसके सभी पद गाए हैं?

रिपोर्ट: कल्पना पाण्डे

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...