उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद लखनऊ में पत्रकार वार्ता कर कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के वोटों में 27 हजार की वृद्धि की जाएगी और भाजपा के वोटों में उतनी ही कमी लाई जाएगी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद लखनऊ में पत्रकार वार्ता कर कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के वोटों में 27 हजार की वृद्धि की जाएगी और भाजपा के वोटों में उतनी ही कमी लाई जाएगी।
महिलाओं के लिए अपने पुराने वादों को दोहराते हुए अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने 40 हजार और समाजवादी पेंशन देने की घोषणा की है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं को एक लाख रुपये देने के लिए लोन ले रही है। सपा भी उसी बैंक से लोन लेकर महिलाओं को दो लाख रुपये देगी। इस दौरान सवाल किया गया कि आप कहां से देंगें। तो उन्होंने कहा कि जिन नियमों से BJP 1 लाख रुपये देने का वादा कर रही है, उन्हीं नियमों से हम 2 लाख रुपये देंगे।
हर सीट पर 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य : अखिलेश
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा, कि सभी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। हमने फैसला किया है कि 2027 में हर विधानसभा में 27 हजार वोट बढ़ाने का काम करेंगे। ऐसा भी कह सकते हैं कि हर विधानसभा में भाजपा के 27 हजार वोट कम करने का काम करेंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि 2027 में पार्टी उन सभी परिवारों तक पहुंचेगी जिनके साथ अत्याचार और अन्याय हुआ है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि यूपी में सपा सरकार बनी तो ‘कन्या विद्याधन योजना’ फिर शुरू कर सकते हैं। इसके तहत 12वीं पास छात्राओं को 50 रुपये हजार दिए जाएंगे। पहले इस योजना में 30 रुपये हजार मिलते थे। सिर्फ इतना ही नहीं, चुनाव से ठीक पहले वे अपनी पुरानी योजनाओं को भी नए सिरे से चर्चा में ला रहे हैं। बेरोजगारी भत्ता, कन्या विद्याधन और मेधावी छात्रों को लैपटॉप बांटने जैसी योजनाओं के भरोसे वो फिर मास्टरस्ट्रोक लगाने की तैयारी कर रहे हैं। इनमें जेन-जी के साथ यूपी की 7 करोड़ से ज्यादा महिला वोटर्स को खासतौर पर ध्यान में रखते हुए ऐलान किए जा रहे हैं।
बता दें कि कन्या विद्याधन योजना मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में शुरू हुई थी। इसके तहत 12वीं पास छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती थी। मार्च, 2012 में सत्ता संभालने के बाद अखिलेश यादव ने न सिर्फ इस योजना को जारी रखा, बल्कि इसकी राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपए कर दी। यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से अच्छे अंकों के साथ 12वीं पास करने वाली छात्राओं के बैंक खातों में ये पैसे भेजे जाते थे। अब एक बार फिर से अखिलेश यादव ने इसे चालू करने का वादा किया है। सपा सरकार बनने पर इसकी राशि भी बढ़ाकर 50 हजार की जाएगी।
BJP पर बरसे अखिलेश यादव
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर फर्जी मुकदमों का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो भाजपा शासनकाल में दर्ज किए गए फर्जी मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें समाप्त किया जाएगा। युवा बेरोजगारी और आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने हमला बोला। उन्होंने कहा कि नौजवान बड़े पैमाने पर बेरोजगार हुए हैं। सरकारी नौकरियां नहीं मिलीं और उनके हक-अधिकार तथा आरक्षण छीने गए। आरक्षण की ऑडिट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि सरकार ने आरक्षण के साथ खिलवाड़ किया है और भाजपा इन ऑडिट का एक पन्ने का भी जवाब नहीं दे पाई है।
बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षति पहुंचाने का मुद्दा भी अखिलेश यादव ने उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में 151 से अधिक मूर्तियां तोड़ी या खंडित की गईं। इनमें कई अनडॉक्यूमेंटेड मामले भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के 72 जिलों में प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर ऐसा कर संविधान बदलने की कोशिश कर रही है।
पार्टी प्रवक्ता मनोज यादव ने कहा कि सपा सरकार में गरीब महिलाओं को हर महीने 500 रुपए पेंशन दी गई। छात्राओं को कन्या विद्याधन योजना के तहत 30 हजार रुपये की सहायता दी गई। 2027 में सपा की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए नई योजनाएं शुरू की जाएंगी।