2026 के विधानसभा चुनावों के बाद बीजेपी के चुनावी खर्च का ब्योरा सामने आया है। चुनाव आयोग को जमा की गई रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी के केंद्रीय कार्यालय ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के चुनावों में कुल 529.38 करोड़ रुपये खर्च किए...
डिजिटल डेस्क, पर्दाफाश। 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद बीजेपी के चुनावी खर्च का ब्योरा सामने आया है। चुनाव आयोग को जमा की गई रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी के केंद्रीय कार्यालय ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के चुनावों में कुल 529.38 करोड़ रुपये खर्च किए। इस रकम का सबसे बड़ा हिस्सा पश्चिम बंगाल में गया, जहां पार्टी का खर्च 286.99 करोड़ रुपये रहा।
बंगाल में प्रचार पर 217 करोड़ से ज्यादा
बीजेपी की रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिम बंगाल में 217.16 करोड़ रुपये सामान्य चुनाव प्रचार पर खर्च किए गए। उम्मीदवारों से जुड़े खर्च के लिए 69.83 करोड़ रुपये लगाए गए। इसमें प्रत्याशियों को दी गई 58.80 करोड़ रुपये की रकम भी शामिल है। बाकी राज्यों में पार्टी के खर्च का आंकड़ा भी सामने आया है। असम में 96.26 करोड़, केरल में 82.67 करोड़, तमिलनाडु में 51.56 करोड़ और पुडुचेरी में 11.89 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
कांग्रेस के कुल खर्च से भी ज्यादा
पांचों विधानसभा चुनावों में बीजेपी का कुल खर्च कांग्रेस के 248.55 करोड़ रुपये के खर्च से दोगुने से भी अधिक रहा। वहीं CPI(M) की ओर से इन चुनावों में 39.04 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है। ये आंकड़े राजनीतिक दलों की ओर से चुनाव आयोग को जमा किए गए खर्च के विवरण से सामने आए हैं।
चुनाव आयोग के नियमों के तहत राजनीतिक दलों को चुनाव के बाद अपने खर्च का विस्तृत हिसाब देना होता है। इसमें प्रचार, यात्रा, विज्ञापन, रैलियों और उम्मीदवारों से जुड़े खर्च शामिल होते हैं।