1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. डॉक्टर नहीं आया तो नर्सिंग छात्र ने खुद कर दी सर्जरी, गलत नस कटने से महिला की मौत

डॉक्टर नहीं आया तो नर्सिंग छात्र ने खुद कर दी सर्जरी, गलत नस कटने से महिला की मौत

उत्तर प्रदेश के चंदौली से निजी अस्पताल में इलाज के नाम पर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। धानापुर थाना क्षेत्र के महरैया स्थित इंद्रा अस्पताल में डॉक्टर की गैरमौजूदगी में अस्पताल मैनेजर और B.Sc. नर्सिंग छात्र इंद्रजीत प्रजापति ने कथित तौर पर एक महिला की सर्जरी कर दी...

By Harsh 
Updated Date

चंदौली:  उत्तर प्रदेश के चंदौली से निजी अस्पताल में इलाज के नाम पर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। धानापुर थाना क्षेत्र के महरैया स्थित इंद्रा अस्पताल में डॉक्टर की गैरमौजूदगी में अस्पताल मैनेजर और B.Sc. नर्सिंग छात्र इंद्रजीत प्रजापति ने कथित तौर पर एक महिला की सर्जरी कर दी। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसी रात उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने 24 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पढ़ें :- भाजपा ने फोड़ा सपा के 34 साल के पाप का घड़ा, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले-बहुत बेहया है घड़ा

गर्भाशय से जुड़ी परेशानी के इलाज के लिए भर्ती हुई थी महिला

लखईपुर गांव की रहने वाली 27 वर्षीय सुमन को 18 अगस्त को इंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे गर्भाशय से जुड़ी समस्या के इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। परिवार के मुताबिक अगले दिन ऑपरेशन होना था, लेकिन जिस डॉक्टर का इंतजार किया जा रहा था, वह अस्पताल नहीं पहुंचा।

पुलिस के अनुसार डॉक्टर के नहीं आने के बाद अस्पताल मैनेजर इंद्रजीत प्रजापति ने खुद ही ऑपरेशन करने का फैसला किया। जांच में यह भी सामने आया कि वह आमतौर पर मरीजों के इलाज और सर्जरी के लिए डॉक्टरों को बुलाता था।

ऑपरेशन में गलत नस कटने का आरोप

पढ़ें :- अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कसा तंज, बोले-पुरानी कहावत है, पहले अपने लोग सुधारो, फिर प्रवचन बघारो

सीएमओ की जांच और पुलिस की कार्रवाई के मुताबिक सर्जरी के दौरान कथित तौर पर गलत रक्त वाहिका कट गई और महिला की किडनी को भी नुकसान पहुंचा। इसके बाद सुमन की हालत बिगड़ती चली गई और उसी रात उसकी मौत हो गई। महिला के पिता चंद्रावली बिंद की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू हुई।

जांच में यह भी सामने आया कि अस्पताल में उस समय डॉक्टर या पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि डॉक्टर के नहीं आने पर उसने खुद ऑपरेशन किया था।

B.Sc. नर्सिंग कर रहा था आरोपी, मेडिकल डिग्री नहीं

मामले की सबसे अहम बात यह है कि जांच में इंद्रजीत के पास डॉक्टर के तौर पर मरीजों का इलाज या सर्जरी करने की जरूरी मेडिकल योग्यता नहीं मिली। वह B.Sc. नर्सिंग का छात्र था और अस्पताल में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था। इसके बावजूद डॉक्टर की गैरमौजूदगी में उसके द्वारा सर्जरी किए जाने का आरोप है।

महिला की मौत के मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत केस दर्ज किया। 3 अक्टूबर की सुबह पुलिस ने इंद्रजीत को इंद्रा अस्पताल से गिरफ्तार किया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

पढ़ें :- लखनऊ: खंभे से टकरा XUV कई बार पलटी, पीछे बैठी मां और ताऊ की मौत, एयरबैग ने बचाई दरोगा की जान, कार से मिले 3.50 लाख कैश

अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द, सील करने की तैयारी

मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की है। इंद्रा अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है और स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील करने की सिफारिश की है। सीएमओ की जांच रिपोर्ट को पुलिस कार्रवाई का भी आधार बनाया गया है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...