भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बुधवार को अपना 54वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर उनके फैंस को भी बड़ा तोहफा मिला। लंबे समय से चर्चा में रही गांगुली की बायोपिक का पहला पोस्टर आखिरकार जारी कर दिया गया है। फिल्म का नाम ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ रखा गया है। इसमें अभिनेता राजकुमार राव पूर्व भारतीय कप्तान की भूमिका निभाते नजर आएंगे...
Bollywood Updates: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बुधवार को अपना 54वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर उनके फैंस को भी बड़ा तोहफा मिला। लंबे समय से चर्चा में रही गांगुली की बायोपिक का पहला पोस्टर आखिरकार जारी कर दिया गया है। फिल्म का नाम ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ रखा गया है। इसमें अभिनेता राजकुमार राव पूर्व भारतीय कप्तान की भूमिका निभाते नजर आएंगे। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है।
फर्स्ट लुक में राजकुमार राव उस ऐतिहासिक पल को दोहराते दिखाई दे रहे हैं जब 2002 के नेटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल में इंग्लैंड को हराने के बाद सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी जर्सी लहराकर जीत का जश्न मनाया था। भारतीय क्रिकेट के इतिहास का यह सबसे यादगार दृश्यों में से एक माना जाता है और अब इसे बड़े पर्दे पर भी दिखाया जाएगा।
पोस्टर लॉन्च के मौके पर सौरव गांगुली ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हर जन्मदिन अपने आप में खास होता है लेकिन अपनी जिंदगी पर बनी फिल्म की पहली झलक इसी दिन सामने आना उनके लिए बेहद यादगार पल है। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे खास जन्मदिन उपहार बताया। गांगुली ने राजकुमार राव की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इस किरदार की तैयारी पूरे समर्पण और गंभीरता के साथ की है। साथ ही उन्होंने फिल्म से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि दर्शक इस कहानी को बड़े पर्दे पर पसंद करेंगे। फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता लव रंजन और अंकुर गर्ग हैं। मेकर्स ने घोषणा की है कि ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ 14 मई 2027 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।