हैदराबाद के मूसापेट में एक पुराने लिफ्ट सिस्टम ने 40 वर्षीय मुरली को करीब डेढ़ घंटे तक फंसा दिया। अंजनेय नगर की तीन मंजिला इमारत में हुए हादसे के बाद बचाव दल को उसे बाहर निकालने के लिए लिफ्ट की संरचना का हिस्सा तोड़ना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई..,.
डिजिटल डेस्क, पर्दाफाश। हैदराबाद के मूसापेट में एक पुराने लिफ्ट सिस्टम ने 40 वर्षीय मुरली को करीब डेढ़ घंटे तक फंसा दिया। अंजनेय नगर की तीन मंजिला इमारत में हुए हादसे के बाद बचाव दल को उसे बाहर निकालने के लिए लिफ्ट की संरचना का हिस्सा तोड़ना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।
बटन दबते ही ऊपर चल पड़ी लिफ्ट
मुरली अपनी पत्नी के साथ दूसरी मंजिल तक पहुंचे थे। वह लिफ्ट से बाहर निकल ही रहे थे कि तीसरी मंजिल से किसी ने बटन दबा दिया। सेंसर में खराबी के चलते लिफ्ट अचानक ऊपर जाने लगी। इस दौरान मुरली का एक पैर लिफ्ट के अंदर और दूसरा बाहर था, जिससे वह दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच फंस गए।
पत्नी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शुरुआती तौर पर खुद बचाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सुबह करीब 9:15 बजे हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया और संपत्ति संरक्षण एजेंसी (HYDRAA) के कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। टीम करीब 9:30 बजे मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
हाइड्रोलिक कटर से खोला रास्ता
स्थिति को देखते हुए HYDRAA की टीम ने लिफ्ट का हिस्सा तोड़ने का फैसला किया। सैनतनगर दमकलकर्मियों की मदद से हाइड्रोलिक कटर का इस्तेमाल किया गया और करीब 90 मिनट की कार्रवाई के बाद मुरली को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।