ऑस्ट्रेलिया के आम चुनाव (Australia General Election) में लेबर पार्टी ने एक बार फिर जीत हासिल की है। उसने बहुमत के आंकड़े को पार करते हुए सत्ता में वापसी कर ली है। पार्टी 85 सीटों पर जीतकर बहुमत हासिल कर चुकी है। बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 76 है।
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के आम चुनाव (Australia General Election) में लेबर पार्टी ने एक बार फिर जीत हासिल की है। उसने बहुमत के आंकड़े को पार करते हुए सत्ता में वापसी कर ली है। पार्टी 85 सीटों पर जीतकर बहुमत हासिल कर चुकी है। बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 76 है।
इसके साथ ही मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज (Prime Minister Anthony Albanese) के एक बार फिर से पीएम बनने का रास्ता साफ हो गया है। विपक्षी लिबरल-नेशनल गठबंधन (Opposition Liberal-National Coalition) को अब तक केवल 31 सीटें मिली है। गठबंधन ने हार स्वीकार कर लिया है। 21 वर्षों में पहली बार ऐसा हो रहा है जब आस्ट्रेलिया में कोई पीएम लगातार दो कार्यकालों के लिए चुना गया है। पीएम के तौर पर उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। एंथनी से पहले जॉन हावर्ड (John Howard) ने 2004 में लगातार चार बार चुनाव जीतकर ऑस्ट्रेलियाई राजनीति में बड़ी उपलब्धि हासिल की थी।
ऑस्ट्रेलिया के चुनाव में मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज (Prime Minister Anthony Albanese) और विपक्षी नेता पीटर डटन (Peter Dutton) के बीच टक्कर थी। एंथनी अल्बनीज (Anthony Albanese) की जीत के बाद पीटर डटन (Peter Dutton) ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि मैं इसकी जिम्मेदारी लेता हूं। डटन ने अल्बनीज को फोन पर बधाई दी। जीत के बाद अल्बनीज ने कहा कि ये उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। ऑस्ट्रेलियाई लोगों ने निष्पक्षता, आकांक्षा और अवसर के लिए वोट दिया है। अल्बनीज ने कहा कि वह कल से ही अपने काम पर जुट जाएंगे।
गरीब परिवार से निकलकर राजनीति के फलक पर चमके
लेबर पार्टी के नेता अल्बनीज खुद को एक आधुनिक नेता के रूप में पेश करते हैं। उन्होंने हालिया वर्षों में ऑस्ट्रेलिया राजनीति में स्थिरता लाने की कोशिश की है। दरअसल साल 2007 में हावर्ड के बाद ऑस्ट्रेलिया में छह प्रधानमंत्री बदले हैं। ऐसे में अल्बनीज का लगातार दूसरा कार्यकाल हासिल करना और खास हो जाता है। अल्बनीज ने ना सिर्फ अपना पूरा कार्यकाल पूरा किया बल्कि दूसरे टर्म के लिए चुनाव भी जीता है।
एंथनी अल्बनीज (Anthony Albanese) बीते 30 सालों से सांसद हैं और साल 2022 से ऑस्ट्रलिया के प्रधानमंत्री हैं लेकिन यह जीत उनके व्यक्तिगत और राजनीतिक जीवन में बड़ी उपलब्धि है। इसकी एक वजह ये है कि वह बेहद साधारण परिवार से आते हैं। सिडनी में एंथनी को उनकी मां ने सिंगल मदर के तौर पर पाला पोसा है। उनकी मां पेंशन पर निर्भर थीं और वे सरकारी घर में रहते थे। गरीबी में पले एंथनी आज वह ऑस्ट्रेलिया की राजनीति के सबसे अहम चेहरे हैं। अल्बनीज ने चुनाव प्रचार के दौरान भी कई दफा ये कहा कि वह गरीबी और संघर्ष को समझते हैं।
इसी साल करेंगे शादी
अल्बनीज जल्दी ही शादी भी करने जा रहे हैं। उनकी मंगेतर का नाम जोडी हेडन है। वह पीएम पद पर रहते हुए शादी करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री (Australian Prime Minister) होंगे। उन्होंने पिछले साल ही शादी करने का इरादा जाहिर किया था। बाद में उन्होंने शादी को टालने का ऐलान कर दिया। अल्बनीज ने कुछ समय पहले कहा था कि वे चुनाव के बाद और साल खत्म होने से पहले (2025 में ही) शादी करेंगे।