महाराष्ट्र के जलगांव जिले में अमलनेर के लोंढे फाटा के पास मंगलवार सुबह करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार कार, मोटरसाइकिल और बस…
जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में अमलनेर के लोंढे फाटा के पास मंगलवार सुबह करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार कार, मोटरसाइकिल और बस के बीच हुई त्रिकोणीय टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग गुजरात से महाराष्ट्र एक सगाई समारोह में शामिल होने आ रहे थे। तभी लोंढे फाटा के पास कार की सामने से आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से आ रही बस से जा टकराई।
पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों की पहचान कर ली है। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार नंदलाल महाजन, अनीता महाजन, सुरेश महाजन और निर्मला महाजन की मौत हो गई, जो कि एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। वहीं, मोटरसाइकिल पर सवार मृतक लोगों की पहचान नीलेश तावड़े और फाल्गुनी भोई के रूप में हुई है।
फिलहाल हादसे में गंभीर रूप से घायल कार ड्राइवर को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।