उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर मिलने का मामला सामने आया है। दोहरीघाट में सरयू नदी के किनारे श्मशान घाट के पास मिली तस्वीर के आसपास नारियल, नींबू, लाल धागा और सिंदूर रखा हुआ था। कुछ नींबुओं में सुइयां भी चुभी हुई थीं...
मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर मिलने का मामला सामने आया है। दोहरीघाट में सरयू नदी के किनारे श्मशान घाट के पास मिली तस्वीर के आसपास नारियल, नींबू, लाल धागा और सिंदूर रखा हुआ था। कुछ नींबुओं में सुइयां भी चुभी हुई थीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तस्वीर के चारों ओर रखे थे नारियल
मामला दोहरीघाट क्षेत्र के श्मशान घाट के पास का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में सड़क किनारे रखी प्रधानमंत्री की तस्वीर के चारों कोनों पर नारियल दिखाई दे रहे हैं। नारियल लाल धागे से बंधे थे, जबकि तस्वीर के नीचे नींबू और आसपास सिंदूर बिखरा हुआ नजर आया। इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि तस्वीर वहां किसने रखी और इसके पीछे क्या मंशा थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
दोहरीघाट के थानाध्यक्ष रामायण सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो और तस्वीर की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
उत्तर प्रदेश –
जिला मऊ में सरयू नदी किनारे PM नरेंद्र मोदी की तस्वीर रखकर टोना–टोटका किया गया। तस्वीर के चारों तरफ नारियल, नींबू, सुईं रखे हुए थे। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की। https://t.co/fLlx52aoA4— Sachin Gupta (@Sachingupta) October 24, 2026