अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब यहां एक चर्च में भीषण विस्फोट हो गया। इस ब्लास्ट में चर्च के पादरी (पास्टर) और फायर फाइट सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
चर्च की इमारत से गैस की गंध निकलने की खबर मिलने के बाद फायर फाइटर यहां पहुंचे थे और जब विस्फोट हुआ, वे अंदर ही थे। जख्मी लोगों में एक पादरी और 4 फायर फाइटर हैं। न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस विस्फोट की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विस्फोट प्रोपेन सिलेंडरों में लीक होने और उसमें आग लगने से हुआ है. बता दें कि प्रोपेन सिलेंडर का मुख्य काम घरों, ऑफिसों और उद्योगों में स्वच्छ, कुशल और पोर्टेबल ऊर्जा प्रदान करना है। यह उच्च ऊर्जा क्षमता वाला ईंधन है, जो खाना पकाने, घरों/पानी को गर्म करने, हीटर चलाने और बैकअप जनरेटर के लिए उपयोग किया जाता है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, पहली मंजिल पर मौजूद एक फायरफाइटर लीक गैस को निकालने के लिए खिड़कियों को खोल रहा था। वह विस्फोट के कारण दीवार से टकरा गया।
खबरों के अनुसार 43 साल के पादरी ब्रैंडन पिट्स और बूनविले फायर डिपार्टमेंट के 43 से 71 वर्ष की आयु के चार मेंबर को जलने के बाद क्षेत्रीय अस्पतालों में भेजा गया। पुलिस के अनुसार, सभी पांचों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई गई है।