अगर आप भी खाना खाने के बाद माउथ फ्रेशनर के लिए माक्रेट से पाचक गोलियों को खरीदकर लाते हैं तो रूक जाइए। आज हम आपके लिए घर पर आसानी से बनाने वाली ऐसी खट्टी-मीठी गोलियां लेकर आये हैं जो खाने में स्वादिष्ट तो होगा ही साथ में पाचन में काफी मददगार साबित होगा।
Homemade Jeera Paachak Goli: खाने के बाद कुछ चटपटा खाने का मन हो या मुंह का स्वाद बदलना हो, तो हम बाजार से जीरा पाचक गोली लेकर आते हैं। इसमें इस्तेमाल होने वाले जीरे और मसालों की वजह से इसका स्वाद भी काफी चटपटा होता है। लेकिन क्यों न इस बार बाजार में मिलने वाली पाचक गोलियों की जगह हम इसे घर पर आसानी से तैयार करें।
घर पर पाचक गोली बनाने का एक फायदा यह भी है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उसकी मात्रा को अपने स्वाद के मुताबिक रखा जा सकता है। इसे बनाना भी काफी आसान है और तैयार होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में स्टोर किया जा सकता है।
इसे बनाने के लिए ¼ कप जीरा पाउडर, ½ बड़ा चम्मच काला नमक, 1 बड़ा चम्मच सेंधा नमक, 2 बड़े चम्मच अमचूर पाउडर, 1 बड़ा चम्मच काली मिर्च पाउडर , 5 बड़े चम्मच नींबू का रस, 1 कप चीनी पाउडर और हींग जैसी चीजों की जरूरत पड़ती है। स्वाद के हिसाब से मसालों की मात्रा थोड़ी कम या ज्यादा की जा सकती है।
सबसे पहले एक बर्तन में भुना हुआ जीरा पाउडर ,अमचूर पाउडर, काली मिर्च पाउडर, और पिसी हुई चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इसमें काला नमक और सेंधा नमक डालकर सभी मसालों को अच्छी तरह मिक्स करें फिर इसमें चुटकी भर हींग डालकर मिक्स कर लें । अब इस मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा नींबू का रस डालते हुए इसे मिलाएं। ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा गीला न हो। जब यह इतना तैयार हो जाए कि आसानी से आकार दिया जा सके, तो हाथों से इसकी छोटी-छोटी गोलियां बना लें।
गोलियों को कुछ देर सूखने दें। इसके बाद इन्हें एयरटाइट कंटेनर में रख सकते हैं। इस तरह घर पर बनी चटपटी जीरा पाचक गोली तैयार हो जाएगी।
ध्यान रखें कि पाचक गोली का सेवन सीमित मात्रा में ही करें, खासकर अगर नमक या मसाले से परहेज करना पड़ता हो।