भोजपुरी अभिनेता और एमएलसी पवन सिंह को पत्नी ज्योति सिंह से जुड़े भरण-पोषण मामले में बलिया की अदालत से झटका लगा है। निर्धारित तारीख पर अदालत में पेश नहीं होने के कारण अपर परिवार न्यायालय ने उन पर 3,000 रुपये का हर्जाना लगाया है। साथ ही उन्हें अगली सुनवाई पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है...
बलिया। भोजपुरी अभिनेता और एमएलसी पवन सिंह को पत्नी ज्योति सिंह से जुड़े भरण-पोषण मामले में बलिया की अदालत से झटका लगा है। निर्धारित तारीख पर अदालत में पेश नहीं होने के कारण अपर परिवार न्यायालय ने उन पर 3,000 रुपये का हर्जाना लगाया है। साथ ही उन्हें अगली सुनवाई पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
यह मामला ज्योति सिंह की ओर से दाखिल भरण-पोषण याचिका से जुड़ा है। इसकी सुनवाई अपर परिवार न्यायालय के न्यायाधीश कमलापति की अदालत में चल रही है। मामले में अभी भरण-पोषण की राशि को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
पत्नी ने हर महीने 5 लाख रुपये मांगे
सूत्रों के मुताबिक ज्योति सिंह ने करीब तीन साल पहले बलिया में भरण-पोषण के लिए याचिका दाखिल की थी। इसमें उन्होंने पवन सिंह से हर महीने पांच लाख रुपये दिलाने की मांग की है। याचिका पर सुनवाई अभी जारी है और अदालत को दोनों पक्षों की दलीलों व साक्ष्यों पर विचार करना है।
पेश नहीं हुए पवन सिंह, अदालत ने लगाया हर्जाना
सुनवाई के लिए तय तारीख पर पवन सिंह की गैरहाजिरी के बाद अदालत ने 3,000 रुपये का हर्जाना लगाया। न्यायालय ने उन्हें अगली निर्धारित तारीख पर पेश होने का आदेश भी दिया है। जानकारी के अनुसार इससे पहले पवन सिंह इस मामले में अदालत में उपस्थित हो चुके हैं।
ज्योति सिंह की ओर से पेश किए गए साक्ष्य
कार्यवाही के दौरान ज्योति सिंह के अधिवक्ता ने अदालत में साक्ष्य प्रस्तुत किए। फिलहाल इन पर जिरह की प्रक्रिया चल रही है। मामले में आगे का फैसला दोनों पक्षों के साक्ष्यों और दलीलों पर सुनवाई के बाद होगा।
इससे पहले पवन सिंह की पिछली पेशी के दौरान अदालत परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई थी। उस समय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था और सुरक्षा के बीच उन्हें परिसर से बाहर निकाला गया था। अब गैरहाजिरी पर हर्जाना लगाए जाने के बाद मामले की अगली सुनवाई का इंतजार है।