भारत की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू (Badminton Star PV Sindhu) ने दुबई एयरपोर्ट (Dubai Airport) के पास हुए एक धमाके को लेकर अपना भयावह अनुभव साझा किया है।
दुबई। भारत की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू (Badminton Star PV Sindhu) ने दुबई एयरपोर्ट (Dubai Airport) के पास हुए एक धमाके को लेकर अपना भयावह अनुभव साझा किया है। क्षेत्र में ईरान से जुड़े हमलों के कारण हालात पहले से ही तनावपूर्ण थे, इसी बीच एयरपोर्ट के पास विस्फोट होने से अफरा-तफरी मच गई। सिंधू और उनकी टीम उस समय एयरपोर्ट पर फंसी हुई थी। अचानक हुए धमाके ने वहां मौजूद सभी लोगों को हिला कर रख दिया। सिंधू ने बताया कि स्थिति हर घंटे के साथ और ज्यादा डरावनी होती जा रही है।
कोच को भागकर बचानी पड़ी जान
सिंधू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने अनुभव को साझा करते हुए लिखा कि ‘यह संकट लगातार बढ़ता जा रहा है और हर घंटे हालात और भी भयावह हो रहे हैं। कुछ घंटे पहले एयरपोर्ट पर जहां हम रुके हुए थे, उसके पास एक धमाका हुआ। मेरे कोच को तुरंत उस जगह से भागना पड़ा क्योंकि वह धुएं और मलबे के सबसे करीब थे। वह हम सभी के लिए बेहद तनावपूर्ण और डरावना पल था।’ इस घटना के बाद पूरे दल में घबराहट फैल गई। हालांकि, सभी ने धैर्य बनाए रखा और सुरक्षा निर्देशों का पालन किया।

सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
सिंधू ने आगे बताया कि अब सभी को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने दुबई एयरपोर्ट प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के त्वरित सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने लिखा, ‘अब हम सभी सुरक्षित हैं और हमें अधिक सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। दुबई एयरपोर्ट स्टाफ और दुबई प्रशासन के अथक प्रयासों के लिए हम आभारी हैं। साथ ही दुबई स्थित भारतीय उच्चायोग का विशेष धन्यवाद, जिन्होंने लगातार हमारी मदद की और हमारी सुरक्षा सुनिश्चित की। फिलहाल हम आराम करने की कोशिश कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही हालात सामान्य होंगे।’
सिंधू के पिता का बयान
पीवी सिंधू के पिता रमण ने हैदराबाद से फोन पर बातचीत में समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, ‘मैंने आज सुबह करीब तीन बजे अपनी बेटी से बात की। उसने बताया कि भारतीय दूतावास उसका ध्यान रख रहा है और उसे एक होटल में ठहराया गया है।’ उन्होंने यह भी बताया कि मौजूदा हालात के बाद प्रशासन की ओर से पूरी मदद दी जा रही है।
सिंधू लगातार दे रही हैं अपडेट
इससे पहले भी सिंधू ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाकर दुबई एयरपोर्ट के हालात बताए थे। उन्होंने भीड़ का वीडियो साझा किया था और बताया कि भीड़ बढ़ती ही जा रही है और लोग परेशान हैं। सिंधू ने लिखा था, ‘मैं सुरक्षित हूं। मुझे मैसेज करने और हालचाल पूछने वाले सभी लोगों का धन्यवाद, यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘ऊपर से हो रही गतिविधियों की आवाजें सुनना और हालात को रियल टाइम में बिगड़ते देखना मानसिक रूप से समझ पाना मुश्किल है। दुबई एयरपोर्ट पर स्थिति बेहद अव्यवस्थित है, कई परिवार फंसे हुए हैं। हम सभी बस यही उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही यह मुश्किल समय गुजर जाए। प्रभावित सभी लोगों की शांति और सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रही हूं।
अनिश्चितता के बीच उम्मीद कायम
क्षेत्र में जारी तनाव के चलते स्थिति अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। सिंधू और उनकी टीम फिलहाल वहीं रुकी हुई है और हालात सुधरने का इंतजार कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर खिलाड़ियों और आम नागरिकों पर भी पड़ सकता है।
कैसे दुबई में फंसीं पीवी सिंधू?
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू बर्मिंघम में होने वाले प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन में हिस्सा लेने जा रही थीं। यह टूर्नामेंट मंगलवार से शुरू होना था और दुबई उनका ट्रांजिट स्टॉप था। लेकिन क्षेत्र में तेजी से बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण हवाई सेवाएं अचानक रोक दी गईं। इससे दुनिया के सबसे व्यस्त विमानन केंद्रों में से एक दुबई का एयर ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। हजारों यात्रियों की तरह सिंधू भी वहीं फंस गईं और उन्हें आगे की यात्रा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
अचानक थमी हवाई उड़ानें
सिंधू ने इससे पहले इंस्टाग्राम पर एयरपोर्ट के अंदर के कुछ दृश्य साझा किए थे। उन्होंने बताया था कि अगली सूचना तक सभी उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है। इस खबर ने तेजी से ध्यान खींचा और यह स्पष्ट हुआ कि क्षेत्रीय संघर्ष का असर संघर्ष क्षेत्र से दूर मौजूद लोगों पर भी पड़ रहा है। बाद में दुबई एयरपोर्ट प्रशासन ने पुष्टि की कि दुबई एयरपोर्ट और अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट. दोनों पर संचालन अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई कि वे फिलहाल एयरपोर्ट टर्मिनल की ओर न जाएं।