1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बलिया: सरयू नदी पर पिलर बनाते समय गिरा लोहे का ढांचा, 2 मजदूरों की मौत

बलिया: सरयू नदी पर पिलर बनाते समय गिरा लोहे का ढांचा, 2 मजदूरों की मौत

उत्तर प्रदेश के बलिया में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मचा दी। सरयू नदी पर बन रहे पुल के पिलर निर्माण के दौरान लोहे का भारी ढांचा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसमें चार मजदूर दब गए। घटना उभांव थाना क्षेत्र....

By Harsh 
Updated Date

बलिया, पर्दाफाश। उत्तर प्रदेश के बलिया में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मचा दी। सरयू नदी पर बन रहे पुल के पिलर निर्माण के दौरान लोहे का भारी ढांचा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसमें चार मजदूर दब गए। घटना उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा रोड स्थित मधुबनी गांव के पास बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे की है।

पढ़ें :- हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर जारी, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 200 से ज्यादा सड़कें बंद

उस समय मजदूर पिलर निर्माण के लिए सरिया बांध रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से लोहे का ढांचा नीचे आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन भारी ढांचे के कारण मजदूरों को निकालना आसान नहीं था। आखिरकार जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर चारों को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में सभी मजदूरों को सीयर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। एक मजदूर को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि एक को मामूली चोट आई है।

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान पप्पू (30) और अमित (29) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे। वहीं घायल मजदूर जुगल (21), पीलीभीत जिले का निवासी है, जिसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों और घायलों के परिजनों को भी सूचना दी जा रही है। बताया जा रहा है कि सरयू नदी पर पहले से मौजूद तुर्तीपार पुल के पास ही नया पुल बनाया जा रहा था। इसी निर्माण कार्य के दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...