1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संजय सिंह का खड़गे पर तीखा वार, बोले- ‘बी’ टीम हम नहीं, पूरे देश में भाजपा की सरकारें बनवाने वाली कांग्रेस है

संजय सिंह का खड़गे पर तीखा वार, बोले- ‘बी’ टीम हम नहीं, पूरे देश में भाजपा की सरकारें बनवाने वाली कांग्रेस है

जाब की एक रैली में खड़गे द्वारा आम आदमी पार्टी को भाजपा की 'बी' टीम बताए जाने पर सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास और उसके विधायकों की खरीद-फरोख्त का कच्चा चिट्ठा खोलते हुए कहा कि असल में पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक देश भर में भाजपा की सरकारें बनवाने का अपराध स्वयं कांग्रेस पार्टी ने किया है।

By santosh singh 
Updated Date

सुल्तानपुर/लखनऊ । आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को सुल्तानपुर में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया बयान पर जोरदार पलटवार किया। पंजाब की एक रैली में खड़गे द्वारा आम आदमी पार्टी को भाजपा की ‘बी’ टीम बताए जाने पर सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास और उसके विधायकों की खरीद-फरोख्त का कच्चा चिट्ठा खोलते हुए कहा कि असल में पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक देश भर में भाजपा की सरकारें बनवाने का अपराध स्वयं कांग्रेस पार्टी ने किया है।

पढ़ें :- UP News : योगी सरकार ने कर्मचारियों को दिया 30 दिन का बोनस, अधिकतम 6908 रुपये मिलेंगे, 75 फीसदी रकम जीपीएफ में होगी, जानें कौन होगा पात्र?

विधायक बेचकर भाजपा की सरकारें बनवाती है कांग्रेस, दूसरों पर उंगली उठाना बंद करे

कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि 2016 में अरुणाचल प्रदेश में जनता ने कांग्रेस को जिताया, लेकिन पूरी की पूरी कांग्रेस पार्टी और उसके विधायक भाजपा में चले गए और भाजपा की सरकार बनवा दी। 2016 में उत्तराखंड में 9 विधायक, 2017 में गोवा में 13 विधायक और 2022 में फिर 8 विधायक, 2019 में कर्नाटक में 13 विधायक और 2020 में मध्य प्रदेश में 22 कांग्रेसी विधायक टूटकर भाजपा में शामिल हो गए और भाजपा की सरकारें बनवाईं। पूरे देश में कांग्रेस के विधायक टूट-टूट कर भाजपा की झोली में गिरते हैं, जिससे भाजपा मजबूत होती है। ऐसी पार्टी को आम आदमी पार्टी पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

आप नेता भाजपा से लड़कर जेल गए, कांग्रेस अपने चार नेताओं के नाम बताए

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी वह पार्टी है जिसके सबसे बड़े नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भाजपा से लड़ते हुए जेल गए। पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और खुद वे (संजय सिंह) जेल गए। विपक्ष में हेमंत सोरेन जेल गए, टीएमसी और डीएमके के तमाम नेता जेल गए। कांग्रेस बताए कि भाजपा से लड़ते हुए उनके कौन से चार बड़े नेता जेल गए हैं? कांग्रेस के पास अपनी कोई साख नहीं बची है और वह आम आदमी पार्टी पर अनर्गल आरोप लगा रही है।

दशकों से दर्जनों राज्यों में हार रही है कांग्रेस, अपनी नाकामी का ठीकरा आप पर न फोड़े

कांग्रेस की चुनावी विफलताओं का ब्योरा देते हुए सांसद संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस तमिलनाडु में 59 साल, पश्चिम बंगाल में 54 साल, सिक्किम में 47 साल, त्रिपुरा में 38 साल, उत्तर प्रदेश में 37 साल, बिहार में 36 साल, गुजरात में 31 साल और ओडिशा में 26 साल से लगातार चुनाव हार रही है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, असम, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में भी वह पिछले 10 से 23 सालों से शिकस्त झेल रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब इन राज्यों में आम आदमी पार्टी का अस्तित्व भी नहीं था, तब कांग्रेस क्यों हार रही थी? कांग्रेस को अपनी कमजोरियों और नाकामियों का मूल्यांकन करना चाहिए।

पढ़ें :- JDU की समीक्षा बैठक में मंत्री अशोक चौधरी पर लगे गंभीर आरोप, नीरज कुमार ने की शिकायत!

अपने मुख्यमंत्रियों को भाजपा में जाने से नहीं रोक पाई कांग्रेस, पहले अपना घर संभाले

संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं को एकजुट रखने में पूरी तरह विफल रही है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण रेड्डी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा—ये सभी बड़े नेता कांग्रेस से निकलकर सीधे भाजपा में चले गए। जो पार्टी अपने पूर्व मुख्यमंत्रियों और कद्दावर नेताओं को भाजपा में जाने से नहीं रोक पा रही है, वह दूसरों को नसीहत देने का ढोंग न करे।

पंजाब में भगवंत मान के काम पर जनता को गर्व, व्यक्तिगत हमलों से नहीं घटेगा जनाधार

राहुल गांधी द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर की गई टिप्पणी का जवाब देते हुए संजय सिंह ने कहा कि भगवंत मान पर इस तरह के निराधार आरोप वर्षों से लगाए जाते रहे हैं, लेकिन जनता का प्यार उनके साथ लगातार बढ़ रहा है। 92 सीटों के प्रचंड बहुमत से बनी मान सरकार ने जनता को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, ₹10 लाख तक का मुफ्त इलाज, 30 साल से सूखी पड़ी नहरों में पानी, रिकॉर्ड सरकारी नौकरियां, किसानों को दिन में बिजली, मुफ्त तीर्थ यात्रा और माताओं-बहनों को आर्थिक मदद दी है। पंजाब की जनता काम देखती है और आने वाले चुनाव में आम आदमी पार्टी वहां फिर से प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

आप  ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं, अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी

गठबंधन से जुड़े पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सांसद संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी अब ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं है। पार्टी स्वतंत्र रूप से राज्य-दर-राज्य अपने दम पर संगठन का विस्तार कर रही है और आगामी सभी चुनाव पूरी मजबूती के साथ अकेले लड़ेगी।

पढ़ें :- Rajya Sabha by-election : केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी निर्विरोध उच्च सदन पहुंचे, दो उम्मीदवारों का नामांकन रद्द

भाजपा देश की सबसे अराजक पार्टी, खाली कुर्सियों के सामने निकाल रही है पदयात्रा

नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘अराजकता विरोधी’ अभियान पर तंज कसते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा जनता की गैर-मौजूदगी में खाली कुर्सियों के सामने आंदोलन कर रही है। जिस पार्टी का पूरा इतिहास नफरत, दंगों, लोकतंत्र की हत्या और 13 करोड़ 37 लाख वोटों की हेराफेरी से भरा हो और जिसके लोगों ने बेटियों के साथ बदसलूकी की हो, वह अराजकता के खिलाफ बात करने का ढोंग कर रही है। देश की सबसे बड़ी अराजक पार्टी स्वयं भाजपा है।

प्रदूषण पर पंजाब ने 90% पराली घटाई, केंद्र सरकार आंकड़े रखकर करे बहस 

दिल्ली में प्रदूषण और पराली के मुद्दे पर संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में 90% की ऐतिहासिक कमी आई है, जबकि भाजपा शासित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। वहीं बांग्लादेशी घुसपैठियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों से केंद्र की भाजपा सरकार सिर्फ नफरत फैलाने और झूठ बोलने का काम कर रही है, उनके पास घुसपैठियों को वापस भेजने का कोई ठोस आंकड़ा नहीं है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...