सोनौली में सपा का शक्ति प्रदर्शन, पंडित जनेश्वर मिश्र की जयंती पर जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: समाजवादी आंदोलन के प्रखर नायक एवं ‘छोटे लोहिया’ के नाम से विख्यात पंडित जनेश्वर मिश्र की जयंती पर बुधवार को नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोनौली के जानकी नगर वार्ड स्थित सपा कैंप कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा एवं जयंती समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का आयोजन नौतनवा विधानसभा के सपा विधानसभा अध्यक्ष विक्रम यादव के नेतृत्व में सोनौली नगर पंचायत स्थित सपा कैंप कार्यालय (बैजू यादव के आवास) पर किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित जनेश्वर मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सपा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव बैजू यादव ने कहा कि पंडित जनेश्वर मिश्र ने अपना संपूर्ण जीवन समाजवाद, सामाजिक न्याय और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के बल पर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर करती रहेगी।
कार्यक्रम में अमित यादव, विपिन गौतम, रामेश्वर भारती, रामायण, गंगा प्रजापति, कमरुद्दीन खान, प्यारेलाल, सुदामा, शैलेश, अमित कुमार, राम सिंह, नीरज गुप्ता, राजू मद्धेशिया, विष्णु गौड़, आकाश नायक, संजय सैनी, दिलीप यादव, मुस्तफा हसन, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट
