ऑपरेशन सिंदूर" की सफलता पर सोनौली में तिरंगा शौर्य यात्रा
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज:: पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में शुक्रवार को महराजगंज जनपद के सोनौली में भव्य तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा निकाली गई। यह यात्रा देश की एकता, अखंडता, और संप्रभुता की रक्षा के लिए भारतीय सेना के अदम्य साहस को सलाम करने का प्रतीक बनी। विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया ।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत सोनौली रोडवेज डिपो से हुई। तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा, होठों पर देशभक्ति के गीत और जोशीले नारों के साथ लोगों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा। यात्रा का समापन नो लैंड होते हुए राम जानकी चौराहे पर संपन्न हुआ.
इस अवसर पर विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी ने कहा “भारत ने हमेशा शांति और भाईचारे की राह को चुना है, लेकिन जब देश की सुरक्षा और नागरिकों की जान की बात आती है, तब भारत किसी भी हद तक जाकर अपने लोगों की रक्षा करता है। पहलगाम में निर्दोष भारतीयों की नृशंस हत्या के बाद सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया है।”
उन्होंने कहा कि “भारत की लड़ाई किसी देश से नहीं है, बल्कि आतंकवाद से है। हमारे सपूतों का खून बहाकर जो लोग पाकिस्तान में बैठे जश्न मनाते हैं, अब उन्हें यह समझ आ गया होगा कि भारत चुप नहीं बैठने वाला। सेना ने बहनों के सिंदूर छीनने वालों को उनके ठिकानों पर जाकर करारा जवाब दिया है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि “देशवासियों की भावनाओं को समझते हुए प्रधानमंत्री ने सेना को खुली छूट दी और सेना ने देश की रक्षा में अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन किया। ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की शक्ति, संकल्प और संप्रभुता का परिचय पूरी दुनिया को दिया है।”
ब्लॉक प्रमुख नौतनवा राकेश मद्धेशिया ने कहा,”धर्म पूछकर आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों की हत्या की। ऐसे में पूरा देश निर्णायक कार्रवाई की मांग पर एकमत था। प्रधानमंत्री मोदी ने देश की आवाज को समझा और सेना को पूरा अधिकार दिया। अब देश को यह विश्वास हो गया है कि भारत आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने में सक्षम है।”
सोनौली अध्यक्ष हबीब खान ने कहा ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को भारत की सैन्य शक्ति का प्रमाण बताया और कहा कि अब पाकिस्तान को यह स्पष्ट संदेश मिल गया है कि भारत की संप्रभुता से खिलवाड़ करना उसके विनाश का कारण बन सकता है।
इस यात्रा में क्षेत्र के कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक चेहरे शामिल हुए। जिनमें दीपक बाबा,भाजपा युवा नेता रवि वर्मा,प्रेम जायसवाल,सुभाष जायसवाल, बबलू सिंह एनसीसी कैडेट्स, पूर्व सैनिक सहित वरिष्ठ नागरिक और विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग इस यात्रा का हिस्सा बने।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया कि रिपोर्ट