पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीएमसी के कद्दावर नेता जहांगीर खान को एसटीएफ ने पड़ोसी देश नेपाल से गिरफ्तार कर लिया है। जहांगीर खान फालता विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरे थे, जिसके बाद से ही वे लगातार चर्चा में बने हुए थे...
कोलकाता। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीएमसी के कद्दावर नेता जहांगीर खान को एसटीएफ ने पड़ोसी देश नेपाल से गिरफ्तार कर लिया है। जहांगीर खान फालता विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरे थे, जिसके बाद से ही वे लगातार चर्चा में बने हुए थे।
कोर्ट से झटका मिलते ही हुए फरार
हाल ही में कलकत्ता हाई कोर्ट ने जहांगीर खान को बड़ा झटका देते हुए उनकी अंतरिम सुरक्षा की अवधि बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया था। कानूनी शिकंजा कसते देख वे फरार हो गए थे, जिसके बाद एसटीएफ लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। जहांगीर खान अपने चुनावी अभियानों के दौरान बेहद आक्रामक और विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे। चुनाव प्रचार के वक्त उन्होंने कहा था मैं पुष्पा हूं, झुकूंगा नहीं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के चर्चित आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा के साथ उनके विवाद और बयानों ने भी सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
चुनावी नतीजों के बाद दर्ज हुए थे 5 मुकदमे
जहांगीर खान की मुश्किलें 4 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही बढ़ गई थीं। नतीजों के ठीक बाद पुलिस ने उनके खिलाफ अलग-अलग मामलों में 5 एफआईआर दर्ज की थीं। तभी से पुलिस को उनकी तलाश थी, जिसका अंत अब नेपाल में हुई इस बड़ी गिरफ्तारी के साथ हुआ है।